टीआरपी डेस्क। पाकिस्तान के प्रमुख शहर कराची से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। गुरुवार तड़के रमजान के पहले दिन की शुरुआत ही यहां मातम के साथ हुई। शहर के ओल्ड सोल्जर बाजार इलाके में एक आवासीय इमारत में हुए भीषण धमाके में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है। शुरुआती जांच में पुलिस ने इस धमाके की वजह संदिग्ध गैस रिसाव (Gas Leak) को बताया है।

सहरी के वक्त हुआ जोरदार धमाका

पुलिस और बचाव अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। यह वह समय था जब रमजान के पहले रोजे के लिए लोग ‘सहरी’ (सुबह का भोजन) की तैयारी कर रहे थे। धमाका इमारत की पहली मंजिल पर हुआ, जिसकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि इमारत का एक जर्जर हिस्सा पूरी तरह ढह गया। अब तक मलबे से 14 शव बरामद किए गए थे, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान मृतकों का आंकड़ा 16 तक पहुंच गया है। करीब 13 से 14 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

See also  भारत जंग की तैयारी कर रहा है - सिंधु जल संधि और कश्मीर पर पाकिस्तानी राष्ट्रपति जरदारी का विवादित बयान

मासूमों पर टूटा कहर: मृतकों में 9 बच्चे शामिल

इस हादसे में सबसे ज्यादा नुकसान बच्चों को हुआ है। जानकारी के मुताबिक, मारे गए 16 लोगों में से 9 बच्चे हैं, जिनकी उम्र 2 साल से 17 साल के बीच बताई जा रही है। घायलों में भी 7 बच्चों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

राहत और बचाव कार्य जारी


कराची फायर सर्विस के अधिकारी अभी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। मलबे को हटाने का काम जारी है क्योंकि आशंका जताई जा रही है कि कुछ और लोग दबे हो सकते हैं। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और गैस रिसाव के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।