रायपुर। राजधानी की 25 लाख से अधिक आबादी को ट्रैफिक जाम के झाम से स्थाई राहत दिलाने के लिए एक विशाल मास्टर प्लान तैयार किया गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने शहर के प्रमुख जाम वाले पॉइंट पर 11 नए फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और पुल बनाने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा है। इस मेगा प्रोजेक्ट को 24 फरवरी को वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा पेश किए जाने वाले बजट में शामिल किए जाने की प्रबल संभावना है।

रायपुर में वाहनों की संख्या जिस तेजी से बढ़ी है, सड़कों का ढांचा उस अनुपात में नहीं सुधरा। खमतराई, तेलघानीनाका और महादेव घाट जैसे इलाकों में लोग रोजाना 20 से 30 मिनट जाम में फंसते हैं। इन नए प्रोजेक्ट्स के शुरू होने से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि हर सफर में औसतन 20 मिनट का समय बचेगा।

इन प्रमुख रूटों पर बदल जाएगी यातायात की तस्वीर

पीडब्ल्यूडी ने उन सड़कों की पहचान की है जहां सबसे ज्यादा दबाव रहता है। प्रस्तावित सूची में ये प्रमुख प्रोजेक्ट्स शामिल हैं:

  • अशोका रतन से छोकरानाला: पंडरी, मोवा और कचना जाने वालों को राहत मिलेगी। करीब 1.50 लाख वाहनों को फायदा होगा।
  • भनपुरी चौक (बिलासपुर मार्ग): यहां फ्लाईओवर बनने से भारी वाहनों के दबाव के बीच छोटे वाहनों का सफर 20 मिनट आसान होगा।
  • एक्सप्रेस-वे से रेलवे स्टेशन (PF-7): सीधे स्टेशन पहुंचने के लिए नया आरओबी बनेगा, जिससे यात्रियों का समय बचेगा।
  • महादेव घाट रायपुरा चौक: रायपुरा की ओर से आने वाले ट्रैफिक के लिए यहां फ्लाईओवर लाइफलाइन साबित होगा।
See also  नक्सल प्रभावित इलाकों के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुआ मतदान दल

अन्य प्रस्तावित निर्माण कार्य

स्थानप्रोजेक्ट का प्रकार
चंदनडीह से सरोनाफ्लाईओवर
मादर-उरकुरा के बीचरेलवे ओवरब्रिज (ROB)
तेलघानीनाका चौकपुराने की जगह नया भव्य ROB
सड्डू-सुरेंगा मार्गकोल्हान नाला पर पुल
रिंग रोड-1 (फिल्टर प्लांट)फुट ओवरब्रिज (FOB)
VIP रोड (राम मंदिर)फुट ओवरब्रिज (FOB)

समय और ईंधन की होगी बड़ी बचत

अधिकारियों का दावा है कि इन ब्रिजों के निर्माण से शहर के प्रमुख चौराहों पर लगने वाली लंबी कतारें खत्म हो जाएंगी। विशेषकर रेलवे फाटकों के बंद होने पर जो स्थिति निर्मित होती है, उससे ROB बनने के बाद पूरी तरह निजात मिल जाएगी।