टीआरपी डेस्क। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपना 62वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अपने गृह ग्राम बगिया में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा जशपुर के लिए रवाना हुए। बगिया स्थित अपने निवास पर वे परिवार के साथ सत्यनारायण व्रत कथा में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री शाम करीब सवा पांच बजे वापस रायपुर लौटेंगे।

CG बोर्ड परीक्षाएं: 3.23 लाख छात्र दे रहे परीक्षा

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं आज से प्रारंभ हो गई हैं। इस वर्ष परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 3 लाख 23 हजार 705 परीक्षार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया है। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित है। सभी केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

सियासी घमासान: युवा कांग्रेस का ‘घेराव’

राजनीतिक सरगर्मी के बीच आज युवा कांग्रेस की ओर से भाजपा कार्यालय के घेराव का आह्वान किया गया है। दिल्ली में इंडिया एआई समिट के दौरान हुए घटनाक्रम के विरोध में दोपहर 2 बजे राजीव गांधी चौक से प्रदर्शन शुरू होगा, जिसका नेतृत्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा करेंगे। आगामी बजट सत्र को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने 22 फरवरी को अपने-अपने विधायक दल की बैठकें बुलाई हैं। भाजपा विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री निवास में होगी, वहीं कांग्रेस विधायक दल की बैठक राजीव भवन में आयोजित की जाएगी।

See also  नक्सलियों के हेड क्वार्टर पर सुरक्षाबल ने किया कब्जा, तिरंगा फहराया

राजधानी रायपुर में आज के अन्य कार्यक्रम

राजधानी रायपुर में आज अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियां भी संचालित होंगी। डाक विभाग द्वारा कुकरीपारा, प्रोफेसर कॉलोनी, सेंदरस और सांकरा में विशेष आधार शिविर लगाया गया है, जहां नागरिक आधार कार्ड में सुधार और बायोमेट्रिक अपडेट करा सकेंगे। इसके अतिरिक्त, साइंस कॉलेज मैदान में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित भव्य नाट्य मंचन ‘जाणता राजा’ का तीसरा प्रदर्शन शाम 6:30 बजे से होगा। स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नहर पारा विकास समिति द्वारा गुरुनानक चौक पर दोपहर 3 बजे तक निशुल्क जांच शिविर आयोजित किया गया है।