Chhattisgarh News: अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय (ABVV) बिलासपुर में आर्थिक अनियमितता के गंभीर मामले में उच्च शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलसचिव और वर्तमान उप कुलसचिव (डिप्टी रजिस्ट्रार) शैलेंद्र दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मंत्रालय, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी इस आदेश ने विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है।
जैम पोर्टल और खरीदी प्रक्रिया में बड़ा खेल
विश्वविद्यालय में पिछले काफी समय से क्रय-विक्रय प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही थीं। टीआरपी ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। जिसके बाद मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित की थी। कमेटी की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सामग्री खरीदी के दौरान GeM पोर्टल के नियमों का उल्लंघन किया गया और वित्तीय प्रक्रियाओं में गंभीर पारदर्शिता का अभाव था। इसी रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने शैलेंद्र दुबे को दोषी माना है।

निलंबन के साथ विभागीय जांच के आदेश
जारी आदेश के मुताबिक, निलंबन की अवधि के दौरान शैलेंद्र दुबे का मुख्यालय निर्धारित कर दिया गया है और उन्हें नियमानुसार केवल जीवन निर्वाह भत्ता ही प्राप्त होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह केवल निलंबन है और इस पूरे प्रकरण की विस्तृत विभागीय जांच (Departmental Enquiry) अलग से की जाएगी। यदि जांच में दोष पूर्णतः सिद्ध हो जाते हैं, तो उनकी सेवा समाप्ति जैसी कठोर कार्रवाई भी संभव है।
उच्च शिक्षा विभाग ने अपने बयान में कहा है कि शैक्षणिक संस्थानों में वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। इस कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय के अन्य विभागों में भी हड़कंप का माहौल है, क्योंकि जांच का दायरा अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों तक भी फैल सकता है।



