बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र में 6 पौवा देशी शराब के मामले में पकड़े गए 52 साल के शख्स ने मुचलके पर छूटने के दूसरे दिन फांसी लगा ली। परिजनों ने प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि, तीन पुलिसकर्मियों ने पैसे मांगे और जेल भेजने की धमकी दी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

विरोध प्रदर्शन कर पंचनामा करने से रोका

इस मामले को लेकर सतनामी समाज, क्रांति सेना और कांग्रेस के पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया और करीब 6 घंटे तक पुलिस को शव का पंचनामा नहीं करने दिया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर संबंधित आरक्षकों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब शव को नीचे उतारा गया।

दरअसल, पुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्रीटोला वार्ड क्रमांक 12 निवासी पुरानिक जोशी (52) और उनके भतीजे पूनम जोशी को शनिवार शाम करीब 7 बजे पुरूर पुलिस के तीन आरक्षकों ने घर से 6 देशी पौवा शराब के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों को उसी रात मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

See also  Lok Sabha elections 2024: छत्तीसगढ़ में सुबह 9 बजे तक 13.24 प्रतिशत मतदान

ग्रामीणों को बताया– वह जेल जाने वाला है

परिजनों का आरोप है कि, रविवार को पुरानिक जोशी अपने चप्पल लेने थाने गए थे। वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने उनसे 15 से 20 हजार रुपए की मांग की और जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद पुरानिक ने मोहल्ले में लोगों को बताया कि वह जेल जाने वाला है और जमानत कराने वाला कोई नहीं है, इसलिए वह आत्महत्या कर लेगा।

मिर्रीटोला के पूर्व पंच अजय डहरिया ने बताया कि, मृतक पुरानिक उनका करीबी दोस्त था। आत्महत्या वाले दिन पुरानिक मोहल्ले में घूम-घूमकर बता रहा था कि पुरूर थाने में पदस्थ तीन कांस्टेबल उससे पैसे मांग रहे हैं। वह डरा हुआ था और आत्महत्या की बात कह रहा था। समझाने के बावजूद उसने अपने पुराने मकान में फांसी लगाकर जान दे दी।

सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे पुरानिक जोशी का शव उनके पुराने घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया।

See also  बढ़ती महंगाई पर बजाई ताली और थाली, केंद्र सरकार की नीतियों का कांग्रेसियों ने किया विरोध

पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, क्रांति सेना के नेता निखिल दीवान, सतनामी समाज से कोमल संभाकर के मौजूदगी में पुलिस प्रशासन ने जांच की बात कही। जिसके बाद मामला शांत हुआ। दोपहर 3 बजे गुरुर में पोस्टमॉर्टम के बाद शाम 6 बजे शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

वहीं पूरे मामले पर पुरूर टीआई मनीष सेन्डे ने पुलिस प्रशासन पर लगाए गए आरोप पर कहा कि, बड़े अफसर मामले की जांच कर रहे हैं।