रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा पेश किए गए 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये के बजट पर सियासत गरमा गई है। सदन की कार्यवाही के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने बजट की SANKALP थीम पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने सरकार के दावों को नकारते हुए इसे जनता के साथ छलावा और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाला दस्तावेज करार दिया है।
शब्दों का मायाजाल और युवाओं को झुनझुना
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार ने बजट में भारी-भरकम शब्दों का मायाजाल बुना है, लेकिन हकीकत में यह गति का नहीं बल्कि प्रदेश की दुर्गति का बजट है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नई योजनाएं केवल भ्रष्टाचार करने के उद्देश्य से लेकर आई है।
महंत ने युवाओं और महिलाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि इस बजट में प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए ठोस कुछ भी नहीं है। नौकरी के नाम पर युवाओं को सिर्फ झुनझुना पकड़ाया गया है। उन्होंने आगे कहा कि जो कर्मचारी अपनी छोटी-छोटी मांगों को लेकर लंबे समय से हड़ताल कर रहे हैं, सरकार ने उन्हें इस बजट में पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया है।



