टीआरपी डेस्क। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज सहयोग केंद्र का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री राजेश अग्रवाल व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहेंगे। वे आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश देंगे।

विधानसभा बजट सत्र का तीसरा दिन: नशीले पदार्थों और स्वास्थ्य मिशन पर गूंजेगा सदन

छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन आज प्रश्नकाल के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और मंत्री लखनलाल देवांगन सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा समेत अन्य मंत्री सदन के पटल पर महत्वपूर्ण दस्तावेज रखेंगे। सदन में आज अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का मुद्दा उठाएंगे, जबकि विधायक राघवेंद्र सिंह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से संबंधित विषय पर ध्यानाकर्षण करेंगे। इसके अलावा राज्यपाल के अभिभाषण पर भी सदन में चर्चा की जाएगी।

See also  इन्हें मिल सकता है सीएम विष्णुदेव साय के राजनीतिक सलाहकार का जिम्मा, रह चुके हैं विधायक

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा आज से

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज दोपहर 2:40 बजे रायपुर पहुंचेंगे। वे यहाँ स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 फरवरी को वे डोंगरगढ़ प्रस्थान करेंगे, जहाँ मां बम्लेश्वरी के दर्शन के पश्चात वे सड़क मार्ग से बालाघाट के लिए रवाना होंगे।

विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ का देशव्यापी प्रदर्शन आज

श्रमिकों की समस्याओं की ओर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए भारतीय मजदूर संघ आज जिला स्तर पर प्रदर्शन करेगा। संगठन की ओर से प्रधानमंत्री और केंद्रीय श्रम मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, मध्यान्ह भोजन रसोइया, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय व सेवा शर्तों में सुधार की मांग को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है।

नवा रायपुर में फिल्म सिटी के लिए पेड़ों की कटाई का विरोध, कांग्रेस करेगी ‘चिपको आंदोलन’

नवा रायपुर के तूता क्षेत्र में प्रस्तावित फिल्म सिटी निर्माण के लिए 1500 पेड़ों को काटे जाने के निर्णय का कांग्रेस ने विरोध शुरू कर दिया है। पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों को बचाने के लिए कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता आज मौके पर पहुंचकर ‘चिपको आंदोलन’ करेंगे। गौरतलब है कि स्थानीय स्तर पर कल भी इस परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन किया गया था।

See also  किसानों पर लाठीचार्जः भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से मिलकर धान खरीदी पर श्वेत पत्र लाने व 15 दिन समय सीमा बढ़ाने की मांग की

छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों के लिए निर्वाचन कार्यक्रम जारी

छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। इसके लिए 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी और 5 मार्च तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 16 मार्च को मतदान के साथ ही परिणामों की घोषणा की जाएगी। बता दें कि राज्यसभा सदस्य केटीएस तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते ये सीटें रिक्त हो रही हैं।