टीआरपी डेस्क। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के घर जल्द ही खुशियों की दस्तक होने वाली है। उनके बेटे और युवा क्रिकेटर अर्जुन तेंदुलकर जल्द ही अपनी मंगेतर सानिया चंडोक के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी की रस्मों से पहले इस जोड़े ने जामनगर स्थित गणेश मंदिर में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। इस दौरान तेंदुलकर परिवार के साथ नीता अंबानी भी मौजूद रहीं।

नीता अंबानी ने दिया आशीर्वाद, वीडियो वायरल

मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक भावुक वीडियो साझा किया है। वीडियो में अर्जुन और सानिया गणपति बप्पा की पूजा करते नजर आ रहे हैं। इस मौके पर नीता अंबानी ने अर्जुन को बचपन से देखने और अब उन्हें जीवन की नई शुरुआत करते देख अपनी खुशी जाहिर की। सचिन तेंदुलकर ने इस खास पल के लिए अंबानी परिवार का आभार भी व्यक्त किया।

5 मार्च को ‘शाही शादी’, रिलायंस बंगले में सजेंगे मंडप

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी का मुख्य समारोह 5 मार्च 2026 (होली के अगले दिन) को आयोजित होगा। यह भव्य शादी जामनगर में रिलायंस समूह के प्रतिष्ठित बंगले में संपन्न होगी। बता दें कि अर्जुन और सानिया एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं और पिछले साल अगस्त 2025 में दोनों ने सगाई की थी।

See also  विराट कोहली ने तोड़ा सचिन-लारा का रिकॉर्ड, 20 हजार अंतर्राष्ट्रीय रन पूरे

कौन हैं सानिया चंडोक और क्या है उनका परिवार?


लाइमलाइट से दूर रहने वाली सानिया चंडोक मुंबई के एक बेहद प्रभावशाली बिजनेस घराने से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से बिजनेस मैनेजमेंट की डिग्री ली है और वे एक क्वालिफाइड वेटरनरी टेक्नीशियन भी हैं। सानिया मुंबई में ‘Mr. Paws Pet Spa & Store LLP’ की डायरेक्टर हैं।

वे मशहूर उद्योगपति रवि घई (ग्रेविस ग्रुप के चेयरमैन) की पोती हैं। उनका परिवार इंटरकॉन्टिनेंटल होटल्स ग्रुप और प्रसिद्ध आइसक्रीम ब्रांड ‘ब्रूकलिन क्रीमरी’ का मालिक है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय वैल्यू करीब 1.6 लाख करोड़ रुपये है।

अर्जुन तेंदुलकर का क्रिकेट करियर

मैदान पर अर्जुन तेंदुलकर अब नई पारी की ओर बढ़ रहे हैं। आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए 5 मैच खेल चुके अर्जुन को IPL 2026 की नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है।