टीआरपी डेस्क। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई है। अचानक आए इन झटकों से लोगों में दहशत फैल गई और जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर खुले स्थानों पर निकल आए।
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश बांग्लादेश में था। हालांकि, कोलकाता में भूकंप के झटके कुछ सेकंड तक ही महसूस किए गए, लेकिन इनकी तीव्रता काफी अधिक थी। शहर के विभिन्न हिस्सों में लोगों ने फर्नीचर हिलने और ऊंची इमारतों में कंपन की जानकारी दी है।
झटके महसूस होते ही शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों और निजी दफ्तरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों ने तुरंत परिसर खाली कर दिए और एहतियात के तौर पर बाहर जमा हो गए। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या हताहत होने की कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




