टीआरपी डेस्क। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष अब पूर्ण युद्ध में बदल चुका है। शनिवार सुबह इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए भीषण हवाई हमलों के बाद ईरान ने भी मोर्चा खोल दिया है। ताजा जानकारी के अनुसार, ईरान ने इजरायल की ओर एक साथ कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागकर अपना पलटवार शुरू कर दिया है।

नेतन्याहू का बयान: ‘अस्तित्व के खतरे’ को खत्म करना था मकसद

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कार्रवाई इजरायल पर मंडरा रहे ‘अस्तित्व के खतरे’ को दूर करने के लिए की गई थी। नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ‘ऐतिहासिक लीडरशिप’ की तारीफ करते हुए कहा कि इजरायल और अमेरिका की यह संयुक्त कार्रवाई ईरान के लोगों को अपनी किस्मत बदलने का मौका देगी।

ईरान की स्थिति: राष्ट्रपति पेजेशकियन सुरक्षित

ईरानी समाचार एजेंसी IRNA ने राष्ट्रपति कार्यालय के सूत्रों के हवाले से बताया है कि राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन इजरायली हमलों के बाद पूरी तरह सुरक्षित हैं। इससे पहले इजरायली मीडिया ने दावा किया था कि हमलों का मुख्य निशाना राष्ट्रपति भवन ही था। वर्तमान में तेहरान में हवाई क्षेत्र (Airspace) बंद है और शहर में मोबाइल नेटवर्क व इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह ठप होने की खबरें मिल रही हैं।

See also  ये है दुनिया की सबसे महंगी घड़ी कीमत 222 करोड़,पढ़ें पूरी खबर

ट्रंप का ईरानी जनता को सीधा संदेश

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बेहद आक्रामक बयान जारी करते हुए ईरान की जनता से संवाद किया है। ट्रंप ने कहा, “ईरान के लोग अपने घरों में ही रहें, क्योंकि बाहर भारी खतरा है। जब हमारा सैन्य अभियान खत्म हो जाए, तो आप अपनी सरकार पर कब्जा कर लेना। यह आपके लिए पीढ़ियों में मिलने वाला एकमात्र मौका है। अमेरिका पूरी ताकत के साथ आपके साथ खड़ा है।”