रायगढ़। रेत और अन्य खनिजों के अवैध खनन को रोकने के लिए रायगढ़ जिले में खनिज विभाग ने अभियान शुरू किया। इस दौरान रेत की तस्करी करते 27 वाहन जब्त किए गए।
रायगढ़ जिले में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थी। आरोप लग रहे थे कि खनिज विभाग के अफसरों के संरक्षण में रेत की तस्करी खुलेआम हो रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। कोतरा रोड, भूपदेवपुर और पुसौर क्षेत्र में जांच की गई। यहां रेत लोड ट्रैक्टर पकड़े गए। कई स्थानों पर अचानक जांच कर कार्रवाई की गई। सभी जब्त वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर के साथ थाना कोतरा रोड, भूपदेवपुर, पूंजीपथरा और पुसौर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
इस कार्रवाई के दौरान कुल 27 वाहन जब्त किए गए। खनिज रेत से भरे 20 ट्रैक्टर, रेत से भरे 2 हाईवा, मिट्टी और मुरूम से भरे 3 ट्रैक्टर और चूनापत्थर से भरे 2 हाईवा पकड़े गए।
खनिज विभाग ने परिवहनकर्ताओं के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 और खान-खनिज (विकास-विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 और 23(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है।



