रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बालूद स्थित प्रतिष्ठित छू लो आसमान बॉयज छात्रावास में कक्षा 10वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक छात्र की पहचान रौशन तेलाम के रूप में हुई है। घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि छात्र ने सुसाइड से पहले अपने हाथ पर पेन से एक आखिरी संदेश लिखा था, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बताया है।

आधी रात को पढ़ाई, तड़के मिला शव

जानकारी के मुताबिक, मृतक रौशन तेलाम कुआकोंडा ब्लॉक के नेरली गांव का निवासी था। सोमवार सुबह करीब 3 बजे जब हॉस्टल के कुछ छात्र बाथरूम की ओर गए, तो उन्होंने रौशन को छात्रावास की सीढ़ियों के ग्रिल से फंदे पर लटका हुआ देखा। छात्रों की चीख-पुकार सुनकर छात्रावास अधीक्षक मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व शिक्षा विभाग को सूचित किया।

हाथ पर लिखा सुसाइड नोट: अलविदा दोस्तों

पुलिस को छात्र के हाथ पर पेन से लिखा एक भावुक संदेश मिला है। संदेश में लिखा था अलविदा दोस्तों, ये मैं अपनी मर्जी से कर रहा हूं, किसी को परेशान न करें। छात्रों ने पुलिस को बताया कि रौशन रात करीब 1 बजे तक जागकर पढ़ाई कर रहा था। उस वक्त तक वह सामान्य दिख रहा था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

See also  बाघ और तेंदुए के शिकार में शामिल डिप्टी रेंजर सहित 9 आरोपी गिरफ्तार: वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, खाल बेचने के फिराक में थे

बोर्ड परीक्षा के बीच बढ़ी पुलिस की चुनौती

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। छात्रावास के पास ही 12वीं की परीक्षा का केंद्र भी संचालित हो रहा है। दंतेवाड़ा पुलिस ने किसी भी तरह के तनाव या अफवाह को रोकने के लिए जांच तेज कर दी है। पुलिस हॉस्टल के कर्मचारियों, शिक्षकों और साथी छात्रों के बयान दर्ज कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या छात्र परीक्षा के दबाव में था या कोई अन्य निजी कारण था।

परिवार और सहपाठियों में शोक

मृतक के भाई मोहन तेलामी ने बताया कि घर में सब कुछ सामान्य था और रौशन का किसी से कोई विवाद नहीं था। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि उनके भाई ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस अब छात्र के व्यवहार और पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों का विश्लेषण कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।

See also  दंतेवाड़ा में 18 लाख के 3 नक्सलियों ने किया लोन वर्राटू अभियान के तहत आत्मसमर्पण