Raipur City News: रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा फैसला लिया है। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों—तेलघानीनाका, स्टेशन रोड, अग्रसेन चौक और आसपास के क्षेत्रों में अब शाम के पीक आवर्स के दौरान हल्के मालवाहक वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध रहेगा।
Raipur City News: यातायात, कमिश्नरेट रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक कुल चार घंटे के लिए पिकअप, टाटा एस, ऑटो ट्रेलर समेत सभी छोटे मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। यह प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
Raipur City News: 300 से अधिक गोदामों का संचालन
शहर में लगातार बढ़ रही आबादी और वाहनों की संख्या के कारण सड़कों पर दबाव काफी बढ़ गया है। खासकर केलकरपारा, तेलघानीनाका चौक, गंज मंडी, भैंसथान, नहरपारा, अग्रसेन चौक, स्टेशन रोड और नर्मदापारा जैसे क्षेत्रों में ट्रैफिक की स्थिति अत्यधिक प्रभावित रहती है।
इन इलाकों में करीब 300 से अधिक गोदाम संचालित हो रहे हैं। यहां दिनभर, विशेषकर शाम के समय, बड़ी संख्या में हल्के मालवाहक वाहन पहुंचते हैं। सड़क किनारे ही लोडिंग-अनलोडिंग होने से जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आम नागरिकों और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
Raipur City News: इन 6 प्रमुख मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत यह आदेश जारी किया है। नए आदेश के अनुसार निम्नलिखित छह प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंध लागू रहेगा—
- अग्रसेन चौक से भैंसथान-तेलघानीनाका
- राठौर चौक से तेलघानीनाका
- फाफाडीह से स्टेशन चौक
- चूना भट्टी से गुढ़ियारी अंडरब्रिज होते हुए स्टेशन निकास
- कर्मा चौक रामनगर से तेलघानीनाका
- नहरपारा से स्टेशन गुरुद्वारा तक
Raipur City News: रोज लग रहा था जाम
बता दें कि, स्टेशन गेट नंबर-1 और 2, तेलघानीनाका और अग्रसेन चौक जैसे प्रमुख पॉइंट्स पर रोजाना लंबा जाम लगना आम हो गया था। प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय आम जनता की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
Raipur City News: पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों और गोदाम संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान प्रतिबंधित रूट्स पर मालवाहक वाहनों का संचालन न करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।


