टीआरपी। रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 10 मार्च को एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड 34 की 150 महिलाओं और मितानिनों का सम्मान किया गया, साथ ही उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए श्नारी शक्ति स्वास्थ्य अभियानश् की शुरुआत की गई।
मितानिनें छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। परिवार और समाज की जिम्मेदारी उठाने वाली इन महिलाओं के खुद के स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करना एक सराहनीय कदम है। इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय महिलाओं को पारंपरिक और पौष्टिक आहार (मिलेट्स) के प्रति प्रोत्साहित किया गया है।
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने महिलाओं के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि जो महिलाएं सुबह से रात तक परिवार की जिम्मेदारी उठाती हैं, उनका स्वस्थ रहना सबसे जरूरी है। इसी उद्देश्य से उन्होंने विशेष रूप से आहार विशेषज्ञ डॉ. श्वेता छाबड़ा को आमंत्रित किया था।
डॉ. श्वेता छाबड़ा ने महिलाओं को स्वास्थ्य टिप्स देते हुए बताया कि सुबह खाली पेट चाय या बिस्किट का सेवन बिल्कुल न करें।दिन की शुरुआत नाश्ते, मूंगफली या रात की बची हुई रोटी (बासी) से करें।बिस्किट या टोस्ट के बजाय प्रोटीन और विटामिन युक्त आहार लें ताकि दिनभर ऊर्जा बनी रहे।
कार्यक्रम में यामिनी तिवारी ने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं स्वस्थ रहेंगी, तभी परिवार खुशहाल रहेगा। सम्मान के तौर पर सभी महिलाओं को विशेष मिलेट्स गिफ्ट हैम्पर और अन्य उपहार भेंट किए गए, ताकि वे अपने आहार में पोषक तत्वों को शामिल कर सकें।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने घोषणा की है कि इस आयोजन के बाद वार्ड स्तर पर महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए विशेष अभियान चलाने की योजना है।



