टीआरपी डेस्क। धमतरी शहर में आज खाद्य विभाग की टीम ने अचानक धावा बोलकर अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले संचालकों पर बड़ी कार्रवाई की है। शहर के बस स्टैंड और अर्जुनी चौक जैसे व्यस्त इलाकों में चल रहे दो प्रमुख प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर पकड़े गए, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए मामला दर्ज किया है।

बता दें कि गुरुवार को सहायक खाद्य अधिकारी भेलेन्द्र कुमार ध्रुव के नेतृत्व में खाद्य निरीक्षकों की टीम ने शहर के अलग-अलग होटलों और व्यावसायिक ठिकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ओम डेयरी और राजलक्ष्मी होटल एवं भोजनालय में नियमों की धज्जियां उड़ती पाई गईं।

क्या-क्या हुआ जब्त?

जांच के दौरान टीम को इन प्रतिष्ठानों में व्यावसायिक काम के लिए घरेलू सिलेंडर इस्तेमाल होते मिले। टीम ने मौके से ही तमाम अवैध सामान जब्त कर लिया। जहां 14.2 किलो के इण्डेन व एचपी सिलेंडर और 9 किलो का एक घरेलू सिलेंडर मिले।साथ ही सिंगल और डबल बर्नर वाले चूल्हे, गैस पाइप और रेगुलेटर। जप्त किए गए सिलेंडरों में कुछ खाली थे तो कुछ आधे भरे हुए थे।

See also  Chhattisgarh Assembly Election 2023; जानें कौन हैं प्रतापपुर से भाजपा प्रत्याशी शकुंतला पोर्ते

इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ केस

इस कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग के अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दोनों संचालकों – ललित गोस्वामी (ओम डेयरी) और हेमंत दास सिन्हा (राजलक्ष्मी होटल) के खिलाफ द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियम) आदेश 2000 की कंडिका 03 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 सहपठित धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि घरेलू सिलेंडर का उपयोग कमर्शियल जगह पर करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक है। धमतरी नगर निगम क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से शहर के अन्य होटल संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में और भी ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी।