मुंबई। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त हड़कंप देखने को मिल रहा है। ग्लोबल मार्केट की सुस्ती और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने निवेशकों की कमर तोड़ दी है, जिससे खुलते ही सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा नीचे गिर गया।
बाजार खुलते ही मचा शोर, निफ्टी भी फिसला
दरअसल, आज सुबह जैसे ही बाजार खुलानिवेशकों में बेचैनी साफ देखी गई। सेंसेक्स करीब 644 अंक लुढ़क कर 75,389 के स्तर पर आ गया, वहीं निफ्टी भी 23,500 के लक्ष्मण रेखा को पार कर नीचे गिर गया। दरअसल, कच्चे तेल में आई अचानक तेजी ने बाजार का सेंटिमेंट बिगाड़ दिया है।
इन कंपनियों के शेयरों में दिखी उठापटक
बाजार में जहां एक तरफ गिरावट का दौर है, वहीं कुछ शेयरों में अभी भी जान बाकी है। गौर करने वाली बात ये है कि कुछ दिग्गज शेयरों ने मोर्चा संभाल रखा है। कोल इंडिया, एनटीपीसी, रिलायंस और बजाज फाइनेंस में खरीदारी दिख रही है। एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी, टाटा स्टील और टेक महिंद्रा के निवेशकों को आज झटका लगा है। करीब 1,264 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि सिर्फ 837 शेयर ही हरे निशान पर टिक पाए हैं।
बैंकिंग और फंड जुटाने की तैयारी
गौरतलब है कि इंडियन ओवरसीज बैंक ने ग्राहकों को राहत देते हुए ब्याज दरों (MCLR) में कटौती की है, जो 15 मार्च से लागू होगी। इधर, मैक्स फाइनेंशियल और मनोरमा इंडस्ट्रीज ने भी मार्केट से करोड़ों रुपये जुटाने की योजना को हरी झंडी दे दी है।


