रायगढ़। घरघोड़ा वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुरकुट नदी के पास दो हाथियों के शव मिलने के मामले में वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। सघन जांच और पूछताछ के बाद वन विभाग की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 11 फरवरी को घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत कुरकुट नदी के पास दो शावक हाथियों के शव मिलने से वन अमले के बीच अफरा तफरी निर्मित हो गई, शव नदी के सोपानी क्षेत्र के पास होने के कारण वन विभाग के लिए मौत के कारणों का पता लगाना चुनौतीपूर्ण था। वन विभाग के आला अधिकारियों ने मामले को संदिग्ध मानते हुए मौत की वजह का पता लगाना शुरू किया।


मंडलाधिकारी अरविंद पीएम के निर्देश पर उप वन मंडलाधिकारी आशुतोष मंडावा के मार्गदर्शन में और प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने जांच शुरू की। लगातार पूछताछ और सघन जांच के बाद टीम ने दो ग्रामीणों को पकड़ने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों में रामकुमार राठिया (55 वर्ष) पिता मेहत राम और धरम सिंह राठिया (38 वर्ष) पिता फूल सिंह, दोनों निवासी पाका दरहा शामिल हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

See also  कार में बैठकर ऑनलाइन सट्टा चला रहे गिरोह का भंडाफोड़, 37 लाख नगदी के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार,

नदी में मोटर लगाने के चलते फैला करंट

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने खेत में सिंचाई के लिए नदी में मोटर लगाई थी, जिससे करंट फैल गया और तीन दिन पहले उसकी चपेट में आने से दो हाथियों की मौत हो गई। घटना में प्रयुक्त सोलर प्लेट, तार, बैटरी, फेंसिंग वायर, वाटर पाइप सहित अन्य सामग्री भी वन विभाग ने जब्त कर ली है।

वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।