दुर्ग। जिले में हत्या के प्रयास के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कंपनी के माध्यम से प्रतिबंधित धारदार हथियार की ऑनलाइन डिलीवरी की गई थी, जिसका इस्तेमाल बाद में हमले की वारदात में किया गया।

घटना की जांच में सामने आया मामला

पुलिस के अनुसार 15 फरवरी को बोरसी निवासी शिवनंदन मारकंडे पर आरोपी प्रकाश यादव ने पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में शिवनंदन गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने आरोपी प्रकाश यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू ऑनलाइन मंगवाया था।

मिशो ऐप से किया गया था ऑर्डर

जांच में सामने आया कि प्रतिबंधित धारदार हथियार का ऑर्डर 14 सितंबर 2025 को Meesho ऐप के माध्यम से ऑनलाइन किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में ई-कॉमर्स कंपनी से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू की।

See also   संतों के आशीर्वाद और जनसहयोग से छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है विकास और आस्था के मार्ग पर - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

दो कर्मचारियों को किया गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी के एरिया मैनेजर लोकोप्रियो बानिक (26) निवासी असम और डिलीवरी से जुड़े कर्मचारी विवेक वर्मा उर्फ विकु (26) निवासी दुर्ग से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपी प्रतिबंधित हथियार की आपूर्ति से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। पुलिस जांच में यह पाया गया कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रतिबंधित धारदार हथियार की आपूर्ति आर्म्स एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन है। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानिए पूरा मामला

दरअसल, 15 फरवरी 2026 को बोरसी निवासी शिवनंदन मारकण्डे पर आरोपी प्रकाश यादव ने पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमला किया था। पीड़ित को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पद्मनाभपुर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया था।

पुलिस ने जांच में यह भी पाया कि प्रतिबंधित चाकू को ऑनलाइन कंपनी मिशो ने बिना किसी सत्यापन के ग्राहक को बेचकर सीधे आर्म्स एक्ट की धारा का उल्लंघन किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मिशो के एरिया मैनेजर और डिलीवरी मैनेजर को गिरफ्तार किया। साथ ही धारा 94 एवं 179 BNSS और 25(1)(क), 27(3) तथा धारा 5 एवं 7 आर्म्स एक्ट की धारा के तहत आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

See also  मक्के की खेती बताकर अफीम उगाने वाला किसान सरकारी योजना का भी ले रहा था लाभ, शासन ने कृषि विस्तार अधिकारी को किया सस्पेंड

SSP ने की ये अपील

एसएसपी विजय अग्रवाल ने जिले के लोगों से अपील की हैं कि वे ऑनलाइन माध्यमों से किसी भी प्रकार की अवैध या प्रतिबंधित वस्तु न खरीदें। यदि कोई ऐसा करते पाया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चाकू डिलीवरी करने वाली कंपनियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।