रायपुर। छत्तीसगढ़ में घरेलू एलपीजी की जमाखोरी को रोकने के लिए खाद्य विभाग तथा जिला प्रशासन की टीम द्वारा संदिग्ध स्थानों की आकस्मिक जांच की जा रही है। अब तक 102 स्थानों से 741 गैस सिलेण्डर जब्त किया जा चुका है। राज्य में सर्वाधिक 392 घरेलू एलपीजी सिलेण्डर रायपुर जिले में जब्त किये गये हैं। इसके पश्चात बिलासपुर जिले में 130 घरेलू एलपीजी सिलेण्डर जब्त किये गये है।

बाटलिंग प्लांट से नियमित हो रही आपूर्ति

प्रदेश के 5 बाटलिंग प्लांट से समस्त जिलों के कुल 540 एलपीजी वितरकों को रिफिल सिलेण्डर नियमित रूप से प्रदाय किया जा रहा है। राज्य में पेट्रोल एवं डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जिन्हें 2,465 पेट्रोल-डीजल पंप के माध्यम से उपभोक्ताओं को प्रदाय किया जा रहा है।

राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा इनकी उपलब्धता और वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्य सचिव ने खाद्य सचिव तथा ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके बाद 13 मार्च को संचालक खाद्य विभाग की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय नियंत्रण एवं मॉनिटरिंग समिति का गठन किया गया है।

See also  तबादले पर भेजे गए डेढ़ दर्जन तहसीलदारों को हाईकोर्ट से मिला स्टे, नियम-कायदों को ताक पर रखकर स्थानांतरण करने का लाभ मिल रहा इन अफसरों को…

केन्द्रीय खाद्य सचिव ने भी 13 मार्च को वीडियो कांफ्रेंस के जरिये देश के सभी राज्यों के खाद्य सचिवों के साथ चर्चा के दौरान जानकारी दी गई कि देश में घरेलू एलपीजी एवं पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की जमाखोरी और कालाबाजारी के विरूद्ध तत्काल कार्यवाही के निर्देश भी दिये गये हैं।

घरेलू एलपीजी एवं पेट्रोल तथा डीजल के वितरण तथा आपूर्ति संबंधी कोई भी शिकायत खाद्य विभाग के कॉल सेंटर नंबर 1800-233-3663 एवं 1967 में दर्ज की जा सकती है जिसका राज्य शासन एवं ऑयल कंपनियों द्वारा तत्परता से निराकरण किया जावेगा।