टीआरपी डेस्क। देश के पांच राज्यों में चुनावी शंखनाद होने वाला है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) आज शाम करीब 4 बजे विज्ञान भवन में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है। इसमें पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के विस्तृत कार्यक्रम (शेड्यूल) की घोषणा की जाएगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त का एक्शन प्लान

बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपनी टीम के साथ हाल ही में इन सभी पांचों राज्यों का दौरा पूरा किया है। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ लंबी बैठकें कीं। आयोग ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण से लेकर मतदान केंद्रों की सुरक्षा तक का बारीकी से निरीक्षण किया है। संवेदनशील इलाकों, खासकर पश्चिम बंगाल में फ्री एंड फेयर इलेक्शन कराने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है।

बंगाल में 4 से 8 चरणों की संभावना

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल अपनी भौगोलिक और राजनीतिक संवेदनशीलता के लिए जाना जाता है। दरअसल, बंगाल में मतदान 4 से 8 चरणों में कराया जा सकता है। 2021 में भी यहां 8 चरणों में चुनाव हुए थे। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए बंगाल में केंद्रीय सुरक्षा बलों की करीब 480 बटालियन पहले ही भेजी जा चुकी हैं।

See also  हत्या या आत्महत्या: धमतरी में गार्डन के झूले में फंदे से लटकी मिली युवक की लाश, फैली सनसनी

बाकी राज्यों में क्या है स्थिति?

अन्य चार राज्यों में चुनाव प्रक्रिया कम चरणों में पूरी होने की उम्मीद है। असम में 1 से 3 चरणों में चुनाव कराए जाने पर विचार हो रहा है। तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में सुरक्षा स्थिति अपेक्षाकृत स्थिर होने के कारण एक ही चरण में मतदान कराया जा सकता है।

आचार संहिता होगी लागू

आज की घोषणा के साथ ही इन पांचों राज्यों में आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगी। इसके बाद सरकारें किसी भी नई योजना या लोकलुभावन घोषणाओं को नहीं कर पाएंगी। सभी राजनीतिक दलों की नजरें अब आयोग के शाम 4 बजे वाले संबोधन पर टिकी हैं।