अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजाकटेल में विशेष संरक्षित पण्डो जनजाति की कृषि भूमि पर कथित कब्जे के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले की वस्तुस्थिति जानने के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के निर्देश पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह के नेतृत्व में गठित 8 सदस्यीय कांग्रेस जांच दल ने गांव का दौरा कर ग्रामीणों से चर्चा की।
4 दशक पूर्व आबंटित की गई थी जमीन
जांच दल के सदस्य कांग्रेस महामंत्री एवं अधिवक्ता हेमंत तिवारी ने बताया कि 1980 के दशक में पण्डो जनजाति के लोगों को टी.एस. सिंहदेव की पहल से सिंहदेव योजना के तहत भू-अधिकार दिए गए थे, लेकिन उससे संबंधित दस्तावेज आज तक लाभार्थियों को उपलब्ध नहीं कराए गए। उन्होंने कहा कि गांव में न तो भूमि का सीमांकन हुआ है और न ही कब्जे से जुड़े नक्शों का निर्धारण किया गया है, जिससे भूमि स्वामित्व की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
0शासकीय जमीन पर भी कब्जे की शिकायत
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पण्डो जनजाति की जमीनों के साथ-साथ गांव की कुछ शासकीय भूमि पर भी कब्जे की शिकायतें हैं। ग्रामीणों के अनुसार विवाद सामने आने के बाद प्रशासन द्वारा गठित जांच दल ने अब तक मौके पर न तो नापजोख की है और न ही सीमांकन की कोई ठोस कार्रवाई की गई है।
साम्प्रदायिक रंग देकर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप
जांच दल की अध्यक्ष मधु सिंह ने ग्रामीणों से चर्चा के आधार पर आरोप लगाया कि भाजपा इस मुद्दे को साम्प्रदायिक रंग देकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है, जबकि सत्ता में होने के बावजूद पण्डो जनजाति को राहत दिलाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि न्याय की उम्मीद में पण्डो समाज के लोगों ने कांग्रेस से संपर्क किया है। जांच दल दो दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट जिला कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपेगा।
इस दौरान जांच दल में लखनपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंहदेव, उदयपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रशांत सिंह, जिला पंचायत सदस्य मोनिका पैकरा, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष संध्या रवानी तथा जगरोपन यादव भी उपस्थित रहे।
कैम्प लगाकर समाधान की मांग
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि अति संरक्षित पण्डो जनजाति की जमीन सहित शासकीय भूमि पर कब्जे का मामला गंभीर है। दोषियों की पहचान कर उन्हें बेदखल करते हुए प्रभावित परिवारों को उनकी जमीन का अधिकार दिलाना आवश्यक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्रवाई के बजाय इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है और टी.एस. सिंहदेव के बयानों को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल सरगुजा कलेक्टर से मुलाकात कर ग्राम राजाकटेल में कैम्प लगाकर भूमि की नापजोख और सीमांकन कराने तथा प्रभावित पण्डो परिवारों को उनकी जमीन का कब्जा दिलाने की मांग करेगा। यदि प्रशासन इस दिशा में कार्रवाई नहीं करता है तो कांग्रेस द्वारा व्यापक आंदोलन किया जाएगा।



