सरगुजा। प्रदेश भर में धान की खरीदी में करोड़ों की अफरा तफरी के बाद अब परिवहन में घोटाला किया जा रहा है। सरगुजा संभाग के लखनपुर इलाके में धान के परिवहन में गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद मामले को पुलिस के सुपुर्द किया गया है। ट्रक मालिक ने ने ट्रक पर गलत नंबर लगा रखा था और उसी से धान लोड कर ले जा रहा था।
घोटाले का इस तरह हुआ खुलासा
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि इस नंबर की दो गाडि़यां चल रही हैं। ट्रक पर अवैध रूप से सीजी 07 बीएस 0366 का नंबर प्लेट लगाया गया था और इसी नंबर पर ट्रक चलाया जा रहा था। ट्रक के परिवहन के बीच ही राज्य के इंटीग्रेटेड कंट्रोल और कमांड सेंटर से अंबिकापुर जिले को अलर्ट मैसेज भेजा गया था। यह मैसेज आने के बाद ही सरगुजा के खाद्य विभाग ने विभाग ने इसकी जांच पड़ताल शुरू की तो यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
दरअसल धान परिवहन करने वाली गाड़ियों में जीपीएस लगा हुआ है ताकि उनकी ट्रेकिंग की जा सके। जब सेटेलाइट से ट्रक की निगरानी की जा रही थी और उस वक्त सेटेलाइट ने इस ट्रक का नंबर गलत बता दिया।
सेटेलाइट से इसकी सूचना मिली तो इसकी जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि जो नंबर ट्रक पर लगा है, उसी नंबर की दूसरी गाड़ी भी चल रही है। दूसरी गाड़ी का नंबर वैध पाया गया, जबकि ट्रक पर फर्जी नंबर लगाया गया था।
पुलिस में शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज
प्रकरण सामने आने के बाद खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह ने लखनपुर पुलिस को लिखित में शिकायत की, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रक मालिक हैप्पी सिंह पिता गुरुमुख सिंह निवासी अंबिकापुर और ट्रक चालक राम मानिकपुरी के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया है। अधिकारी ने एफआईआर में उल्लेख किया है कि सेटलाइट से जांच होने पर छह फरवरी को पता चला कि धान खरीदी केंद्र जमगला में ट्रक मालिक हैप्पी सिंह और वाहन चालक राम मानिकपुरी ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर धान लोड किया है। बताया गया है कि यह ट्रक मारुति राइस मिल भिट्ठी कला के लिए किराया पर लिया गया है। पुलिस ने मामले में चालक राम मानिकपुरी को गिरफ्तार कर लिया है।


