टीआरपी डेस्क। सोमवार (16 मार्च) को शेयर बाजार की शुरुआत किसी रोलर-कोस्टर राइड से कम नहीं रही। हफ्ते के पहले दिन बाजार ने निवेशकों को जमकर डराया, लेकिन अंत होते-होते बाजार में रौनक लौट आई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 938 अंक की शानदार तेजी के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी ने भी 257 अंक का उछाल मारकर निवेशकों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी।
बाजार का उतार-चढ़ाव: कैसा रहा सफर?
दरअसल, सुबह बाजार की चाल धीमी थी। सेंसेक्स शुक्रवार के 74,563 के स्तर से गिरकर 74,415 के लेवल पर ओपन हुआ। तनावपूर्ण माहौल के बीच बाजार एक समय लुढ़ककर 73,949 के निचले स्तर तक जा पहुंचा था। निचले स्तरों पर ब्लू-चिप शेयरों में हुई वैल्यू-बाइंग (Value-buying) ने बाजार को सहारा दिया। खाड़ी क्षेत्र में जारी टकराव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बावजूद निवेशकों ने खरीदारी जारी रखी, जिससे बाजार का मूड सुधरा।
इन 10 शेयरों ने दिखाया दम (Top Gainers)
बाजार की इस रिकवरी में कई दिग्गज शेयरों ने मजबूती दिखाई। आज के प्रमुख गेनर्स में शामिल रहे:
UltraTech Cement
Hindalco
Grasim Industries
JSW Steel
HDFC Bank
State Bank of India (SBI)
ITC
Tata Steel
InterGlobe Aviation (IndiGo)
Bajaj Finance
विशेषज्ञों की चेतावनी: अभी संभलकर चलें
बाजार भले ही आज हरे निशान में बंद हुआ हो, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि अभी खतरा पूरी तरह टला नहीं है। ईरान-अमेरिका के बीच जारी तनाव और तेल की ऊंची कीमतें ग्लोबल सेंटीमेंट को कमजोर बनाए हुए हैं। ब्रोक्रेज हाउसों का कहना है कि शॉर्ट-टर्म में अभी बाजार में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं, इसलिए निवेशकों को बहुत सोच-समझकर निवेश करना चाहिए।



