टीआरपी डेस्क। बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह की मोस्ट अवेटेड फिल्म धुरंधर 2 (Dhurandhar: The Revenge) ने सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म की दीवानगी का आलम यह है कि इसने एडवांस बुकिंग के मामले में बड़े-बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है।
एडवांस बुकिंग में 130 करोड़ का आंकड़ा पार
मैदानी सूत्रों और ट्रेड रिपोर्ट्स (Sacnilk) के अनुसार, फिल्म ने पेड प्रीव्यू, ओपनिंग डे और ओवरसीज मार्केट को मिलाकर 130 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस एडवांस बुकिंग के जरिए ही कर लिया है। अब तक देशभर में 12.5 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। मुंबई के प्रतिष्ठित मराठा मंदिर में सालों से चल रहे DDLJ के शो को हटाकर धुरंधर 2 के शो लगाए गए हैं, जो अपने आप में एक मिसाल है।
18 मार्च को पेड प्रीव्यू से होगी शुरुआत
फिल्म आधिकारिक तौर पर 19 मार्च को रिलीज हो रही है, लेकिन मेकर्स ने 18 मार्च की शाम 5 बजे से ही ‘पेड प्रीव्यू’ (Paid Preview) रखने का फैसला किया है। पेड प्रीव्यू के लिए एडवांस बुकिंग ने 40.54 करोड़ का आंकड़ा छू लिया है। जानकारों का मानना है कि यह बॉलीवुड इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा प्रीमियर साबित होने वाला है।
पहले ही दिन 200 करोड़ की कमाई का अनुमान?
जिस तरह की हाइप फिल्म को लेकर बनी हुई है, ट्रेड एनालिस्ट्स का अनुमान है कि धुरंधर 2 अपने पहले ही दिन दुनियाभर से 200 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर सकती है। गौरतलब है कि फिल्म का पहला पार्ट धुरंधर एक स्लो स्टार्टर था, जिसने पहले दिन करीब 28 करोड़ कमाए थे, लेकिन बाद में इसने 1300 करोड़ से ज्यादा का लाइफटाइम कलेक्शन कर इतिहास रच दिया था। इस बार फिल्म को गुड़ी पड़वा, उगादि और ईद की लंबी छुट्टियों का जबरदस्त फायदा मिलने वाला है।



