टीआरपी डेस्क। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) के लिए बुधवार का दिन काफी शुभ साबित हुआ। पिछले दो दिनों से जारी तगड़ी गिरावट पर ब्रेक लगाते हुए बाजार ने आज शानदार वापसी की है। वेस्ट एशिया में तनाव कम होने की खबरों और ग्लोबल मार्केट में आई तेजी के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी ने आज बुलेट जैसी रफ्तार पकड़ी।
निवेशकों की संपत्ति में भारी इजाफा
दरअसल, आज बाजार बंद होने तक निवेशकों की झोली खुशियों से भर गई। बीएसई (BSE) में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 411 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 422 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यानी सिर्फ एक दिन में निवेशकों की संपत्ति 11 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई।
बाजार का फाइनल स्कोरकार्ड
- सेंसेक्स (Sensex): 1186.77 अंक (1.65%) की बढ़त के साथ 73,134.32 पर बंद।
- निफ्टी (Nifty): 348 अंक (1.56%) उछलकर 22,679.40 के स्तर पर क्लोज हुआ।
इन शेयरों ने मारी बाजी, कौन फिसला?
गौरतलब है कि आज के कारोबार में ट्रेंट (Trent) सबसे बड़ा खिलाड़ी रहा, जिसमें 6.74% की तेजी देखी गई। इसके अलावा इंडिगो, अडानी पोर्ट्स, और एसबीआई (SBI) के शेयरों ने भी निवेशकों को तगड़ा मुनाफा कराया। रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गजों ने सेंसेक्स को ऊपर खींचने में अहम भूमिका निभाई।
हालांकि, दूसरी तरफ सन फार्मा, NTPC और पावर ग्रिड जैसे शेयरों में 1.64% तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे बाजार की बढ़त पर थोड़ा लगाम लगा।



