Indigo Flight Ticket Price Hike: अगर आप अगले कुछ दिनों में रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई या फिर विदेश जाने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह खबर आपके होश उड़ा सकती है। दरअसल, देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने एक बार फिर हवाई किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी है। मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के चलते फ्यूल की किल्लत क्या हुई, कंपनी ने इसका सीधा बोझ आम जनता की जेब पर डाल दिया है।
आज रात से बदली कीमतें
मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो की घरेलू उड़ानें अब ₹950 और इंटरनेशनल फ्लाइट्स ₹10,000 तक महंगी हो गई हैं। गौरतलब है कि नई कीमतें 2 अप्रैल की रात 12:01 बजे से ही लागू कर दी गई हैं। यानी अब आप टिकट बुक करेंगे, तो आपको बढ़ा हुआ ‘फ्यूल सरचार्ज’ देना होगा।
18 दिन में दूसरी बार लगा झटका
ग्राउंड सूत्रों ने बताया कि इंडिगो ने महज 18 दिनों के भीतर यह दूसरी बार किराया बढ़ाया है। इससे पहले 14 मार्च को भी कीमतों में इजाफा किया गया था। कंपनी का तर्क है कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) यानी जेट फ्यूल के दाम आसमान छू रहे हैं। IATA के आंकड़ों की मानें तो पिछले एक महीने में फ्यूल की कीमतें 130% से ज्यादा बढ़ गई हैं।
दूरी के हिसाब से ढीली होगी जेब (घरेलू उड़ानें)
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हालांकि एयरलाइंस पर थोड़ी लगाम कसी है, लेकिन यात्रियों को राहत मिलती नहीं दिख रही। अब 1000 किमी से ज्यादा की दूरी पर एक समान चार्ज नहीं लगेगा। अब सफर की दूरी के हिसाब से ₹275 से लेकर ₹950 तक का एक्स्ट्रा सरचार्ज देना होगा। बता दें कि इस नियम के बाद अब रायपुर से बेंगलुरु या चेन्नई जैसे लंबे रूट पर जाने वालों को अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।
इंटरनेशनल रूट्स पर किराया बम
विदेश जाने वालों के लिए तो बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। खासतौर पर यूके (UK) और यूरोप जाने वालों के लिए फ्यूल सरचार्ज ₹2300 से सीधे बढ़ाकर ₹10,000 कर दिया गया है।
- ग्रीस और तुर्की: ₹7500 का एक्स्ट्रा सरचार्ज।
- अफ्रीका रूट: ₹5000 की बढ़ोतरी।
रायपुर के तेलीबांधा और सिविल लाइंस इलाके के ट्रैवल एजेंट्स का कहना है कि अचानक हुई इस बढ़ोतरी से समर वेकेशन की प्लानिंग कर रहे परिवारों का बजट बिगड़ गया है। दरअसल, एयरलाइंस के कुल खर्च का 40% हिस्सा सिर्फ ईंधन पर जाता है। जब तेल महंगा होता है, तो एयरलाइंस सारा बोझ यात्रियों पर डाल देती हैं। छत्तीसगढ़ से दुबई या साउथ ईस्ट एशिया जाने वाले टूरिस्ट्स को अब प्रति व्यक्ति 5 से 8 हजार रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ सकते हैं।



