रायपुर। PC Jewellers Controversy Bilaspur: न्यायधानी के सबसे पॉश इलाके अग्रसेन चौक पर स्थित नामी ज्वेलरी शोरूम पी.सी. ज्वैलर्स एक बार फिर बड़े विवादों में घिर गया है। दरअसल, छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने इस नामी ब्रांड पर ग्राहकों को ठगने और बायबैक पॉलिसी (गहने वापस लेने के नियम) में पारदर्शिता न रखने का गंभीर आरोप लगाया है। यह मामला इतना बढ़ गया है कि एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी खुद बिलासपुर एसपी के पास शिकायत लेकर पहुंचे हैं।
सोने के दाम बढ़े, पर अंगूठी की कीमत घटी
मिली जानकारी के अनुसार, खरसिया के रहने वाले पारस पटेल ने साल 2018 में यहां से 85,799 रुपये की एक हीरे की अंगूठी खरीदी थी। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले 8 सालों में सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची हैं, लेकिन जब ग्राहक इसे वापस बेचने गया, तो शोरूम ने उसे उसकी खरीद कीमत से भी कम पैसे देने की पेशकश की।
बिलिंग में बड़ा झोल
बता दें कि सराफा एसोसिएशन ने शोरूम की बिलिंग प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि शोरूम के बिल में सोने का भाव, हीरे की कीमत और मेकिंग चार्ज (लेबर चार्ज) को अलग-अलग नहीं दिखाया जाता। मेकिंग चार्ज काटने के बाद भी अंगूठी की कीमत आज कम से कम 1,17,299 रुपये होनी चाहिए। एसोसिएशन का कहना है कि सिर्फ कुल वजन और कुल कीमत लिखकर ग्राहकों को अंधेरे में रखा जा रहा है।
पूरे प्रदेश में आंदोलन की तैयारी
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने इसे ब्रांडेड शोरूमों द्वारा चलाया जा रहा लूट का कारोबार करार दिया है। कमल सोनी ने चेतावनी दी है कि वे इस मामले को सिर्फ पुलिस तक ही सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि BIS और उपभोक्ता फोरम (Consumer Forum) तक ले जाएंगे। साथ ही, पूरे छत्तीसगढ़ में इन ब्रांडेड लुटेरों के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान और आंदोलन छेड़ने की रणनीति तैयार की जा रही है।


