टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से नकल का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस और परीक्षा केंद्र के अधिकारी भी दंग रह गए। पुरानी भिलाई में आयोजित जेईई मेंस (JEE Mains) की परीक्षा के दौरान एक छात्र ने अपनी चप्पल के भीतर मोबाइल फोन छिपाकर नकल करने की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षा गार्ड की मुस्तैदी ने छात्र के इस कारनामे का भंडाफोड़ कर दिया।
मेटल डिटेक्टर को चकमा, लेकिन चाल ने खोल दी पोल
दरअसल, आरोपी छात्र आदित्य गुरुवार सुबह पहली पाली की परीक्षा देने पहुंचा था। उसने मेटल डिटेक्टर से बचने के लिए मुख्य गेट पर ही चालाकी से अपनी चप्पलें उतार दी थीं। शुरुआती जांच में वह बच निकला और हॉल में जाकर बैठ गया।
बताया जा रहा है कि असली ड्रामा सुबह 11:08 बजे शुरू हुआ जब छात्र वॉशरूम जाने के बहाने बाहर निकला। वापस लौटते समय जब उसने दोबारा चप्पल पहनी, तो वह उन्हें अजीब तरह से घसीटकर चल रहा था। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को उसकी चाल संदिग्ध लगी।
तलवे के अंदर फिट था मोबाइल
गौरतलब है कि जब गार्ड ने छात्र को रोककर उसकी चप्पलों की बारीकी से तलाशी ली, तो होश उड़ गए। चप्पल के तलवे (Sole) को बीच से काटकर उसके अंदर मोबाइल फोन को बड़ी सफाई से फिट किया गया था। बाहर से देखने पर चप्पल बिल्कुल सामान्य लग रही थी, लेकिन उसका वजन और चलने का तरीका अलग था।
पुलिस के हवाले हुआ नकलची
बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही केंद्र के वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर और एनटीए (NTA) के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोबाइल जब्त किया। आरोपी छात्र को तुरंत पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुरानी भिलाई पुलिस ने छात्र के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।



