टीआरपी डेस्क। आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर मची रार अब उस मोड़ पर पहुँच गई है सुलह के रास्ते धुंधले नजर आ रहे हैं। राज्यसभा में उपनेता (Deputy Leader) के पद से हटाए गए राघव चड्ढा के बागी तेवरों के बाद अब पार्टी के बड़े नेताओं – संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मारलेना ने उन पर सवालों के तीर दागने शुरू कर दिए हैं। इस बीच, कवि कुमार विश्वास का करीब डेढ़ साल पुराना एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें उन्होंने राघव के पतन की भविष्यवाणी पहले ही कर दी थी।

कुमार विश्वास ने क्या कहा था

दरअसल, वायरल वीडियो में कुमार विश्वास कहते नजर आ रहे हैं कि आम आदमी पार्टी में अगला शिकार वह बालक (राघव चड्ढा) होगा जो लोकप्रिय हो गया है। विश्वास ने कहा था, “उस बालक ने हीरोइन (परिणीति चोपड़ा) से शादी कर ली और रील दिखने लगी। पार्टी में किसी की आभा बर्दाश्त नहीं की जाती। जब उसकी शादी हुई थी, तभी मैंने कह दिया था कि अब ये लोग उसे नहीं छोड़ेंगे।” कुमार विश्वास की यह बात आज राघव की स्थिति पर बिल्कुल सटीक बैठ रही है।

See also  इजरायल के नए प्रधानमंत्री बने नफ्ताली बेनेट, पीएम मोदी ने दी बधाई कहा- मुलाकात के लिए उत्सुक हूं

अपनों ने ही दागे तीर

गौरतलब है कि राघव चड्ढा ने जब अपनी खामोशी को सैलाब बनने की चेतावनी दी, तो पार्टी ने उन पर चौतरफा हमला बोल दिया:

  • संजय सिंह और आतिशी: इन दिग्गज नेताओं ने राघव से तीखे सवाल पूछे हैं और उन्हें भाजपा से डरा हुआ बताया है।
  • अनुराग ढांडा (मीडिया प्रभारी): उन्होंने राघव की निष्ठा पर सवाल उठाते हुए उन्हें भाजपा के प्रति नरम करार दिया है।

चक्रव्यूह में फंसे राघव चड्ढा?

बता दें कि राघव चड्ढा ने एक्स (Twitter) पर वीडियो जारी कर कहा था, मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझना, मैं वो दरिया हूं जो वक्त आने पर सैलाब बन जाता है। लेकिन वर्तमान स्थिति को देखकर ऐसा लग रहा है कि राघव किसी राजनीतिक चक्रव्यूह में फंस गए हैं। रायपुर के राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिस तरह से पार्टी ने उनके बोलने पर रोक लगाने की कोशिश की है, वह उनके राजनीतिक करियर के लिए सबसे बड़ा संकट है।

See also  छत्तीसगढ़ में ठंड की वापसी, घने कोहरे और शीतलहर से जूझ रहा सरगुजा संभाग, कई जिलों में पारा 3 से 4 डिग्री लुढ़का

क्या अब होगी पार्टी से विदाई?

जानकारों का मानना है कि राघव चड्ढा और पार्टी नेतृत्व के बीच का यह विवाद अब केवल पद का नहीं, बल्कि अस्तित्व का बन गया है। कुमार विश्वास की भविष्यवाणी सच साबित होने के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या राघव वाकई सैलाब बनकर अपनी ही पार्टी के लिए खतरा बनेंगे या फिर एक और संस्थापक सदस्य की तरह किनारे लगा दिए जाएंगे?