रायपुर। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक फ्लाईओवर योजना का विरोध किया है। उन्होंने सीएम विष्णु देव साय को पत्र लिखकर शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर के स्थान पर सड़क चौड़ीकरण को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है।

अपने पत्र में बृजमोहन ने उल्लेख किया है कि यह मार्ग शहर के मध्य स्थित अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है, जहां घनी आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों के चलते यातायात का लगातार दबाव बना रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में मुख्यमंत्री स्वयं इस मार्ग के चौड़ीकरण के पक्ष में निर्णय ले चुके हैं, लेकिन वर्तमान बजट में फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा से आमजन में असंतोष है।

बृजमोहन अग्रवाल ने तर्क देते हुए बताया कि जी.ई. रोड का लगभग 600-700 मीटर का यह हिस्सा ही ऐसा भाग है, जो अब तक चौड़ीकरण से वंचित है और “बॉटलनेक” बनकर पूरे शहर के यातायात को प्रभावित कर रहा है। उनका कहना है कि संकीर्ण और घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण व्यावहारिक नहीं होगा, बल्कि इससे स्थानीय व्यापार और संरचनाओं पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

See also  BREAKING : कैमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आसपास की झोपड़ियां भी आग की चपेट में, लोगों को हटाया गया VIDEO

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सड़क चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है और इसे नगरीय निकाय चुनाव 2025 के “अटल विश्वास पत्र” में भी शामिल किया गया था। इसके बावजूद अब तक इस दिशा में ठोस प्रगति नहीं हो पाई है।

सांसद ने मुख्यमंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर के निर्णय पर पुनर्विचार करने और शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक सड़क चौड़ीकरण कार्य को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है, ताकि नागरिकों को सुगम और सुरक्षित यातायात की सुविधा मिल सके।