Raipur City News: रायपुर। रायपुर शहर के बीचों बीच स्थित शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक सड़क चौड़ीकरण के मुद्दे पर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर बजट में सड़क चौड़ीकरण की जगह फ्लाईओवर बनाने की बजट घोषणा का विरोध किया है। और पूर्व में लिए गए निर्णयों की याद दिलाई है।
Raipur City News: अपने पत्र में सांसद अग्रवाल लिखा है कि राज्य सरकार के गठन के बाद आपके के नेतृत्व में रायपुर को व्यवस्थित राजधानी के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में शहर के चारों विधायक, सांसद, महापौर, संबंधित विभागीय मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे।
स्पष्ट निर्देशों के बावजूद फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा!
Raipur City News: सांसद अग्रवाल ने बताया कि इस बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक जीई रोड के चौड़ीकरण का निर्णय लिया गया था। इसके लिए रायपुर कलेक्टर सहित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश भी दिए गए थे। इसके बाद हुई दूसरी बैठक में भी इस विषय पर दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। सांसद अग्रवाल ने खेद जताया है कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद वर्ष 2026-27 के बजट में सड़क चौड़ीकरण के स्थान पर फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा कर दी गई है।

Raipur City News: बृजमोहन अग्रवाल ने तर्क देते हुए बताया कि जीई रोड का लगभग 600-700 मीटर का यह हिस्सा ही ऐसा भाग है, जो अब तक चौड़ीकरण से वंचित है और पूरे शहर के यातायात को प्रभावित कर रहा है। उनका कहना है कि संकीर्ण और घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण व्यावहारिक नहीं होगा, बल्कि इससे स्थानीय व्यापार और संरचनाओं पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
Raipur City News: पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सड़क चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है और इसे नगरीय निकाय चुनाव 2025 के “अटल विश्वास पत्र” में भी शामिल किया गया था। इसके बावजूद अब तक इस दिशा में ठोस प्रगति नहीं हो पाई है। सांसद ने मुख्यमंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर के निर्णय पर पुनर्विचार करने और शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक सड़क चौड़ीकरण कार्य को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है, ताकि नागरिकों को सुगम और सुरक्षित यातायात की सुविधा मिल सके।



