रायपुर। Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ की सड़कों पर अब सफर और तेज होने वाला है। प्रदेश में ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने एक साथ 9 नए बायपास सड़कों के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। इसके लिए विभाग ने कुल 448 करोड़ 13 लाख रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की है।

स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी कि शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम किया जाए। उप मुख्यमंत्री और पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव ने हाल ही में समाप्त हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में नौ बायपास सड़कों के लिए कुल 448 करोड़ 13 लाख रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा रायगढ़ जिले में तमनार बायपास मार्ग के लिए 152 करोड़ 17 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से 6 किमी बायपास सड़क का निर्माण किया जाएगा। विभाग ने रायगढ़ शहर में रिंग रोड (बायपास मार्ग) के लिए 70 करोड़ 47 लाख रुपए मंजूर किए हैं। खरसिया के बायपास क्रमांक-3 कबीर चौक से डभरा रोड तक 2 किमी सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए भी 7 करोड़ 22 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

See also  Raipur South by-election : जारी वोटिंग के बीच मतदान केंद्र में आपस में भिड़े भाजपा-कांग्रेस के कार्यकर्ता, जानें वजह

विभाग ने धमतरी जिले में 4 किमी लंबाई के भखारा बायपास के लिए 14 करोड़ 94 लाख रुपए तथा 1.50 किमी लंबाई के नारी बायपास मार्ग के लिए 7 करोड़ 97 लाख रुपए मंजूर किए हैं। बलौदाबाजार में लटुवा, पनगांव होते हुए 15 किमी लंबे बलौदाबाजार बायपास सड़क के लिए 88 करोड़ 68 लाख रुपए एवं 7 किमी लंबे रिसदा बायपास मार्ग के लिए 20 करोड़ 99 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। 

लोक निर्माण विभाग ने बिलासपुर में 13.40 किमी कोनी-मोपका फोरलेन बायपास मार्ग के लिए 82 करोड़ 80 लाख रुपए तथा बेमेतरा जिले में 1.20 किमी कांक्रीटीकृत छिरहा बायपास सड़क के लिए 2 करोड़ 89 लाख रुपए की भी मंजूरी दी है।

गौरतलब है कि इन सड़कों के बनने से न केवल सफर का समय बचेगा, बल्कि शहरों के भीतर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया है कि बायपास, पुल और ओवरब्रिज का निर्माण उनकी प्राथमिकता है ताकि प्रदेश के समग्र विकास को गति मिल सके।

See also  अब रजिस्ट्री के बाद ई-मेल और WhatsApp पर मिलेंगे दस्तावेज…