Iran Israel War Update: ईरान और इजराइल के बीच तनाव अब उस मोड़ पर पहुंच गया है जहां से वापसी नामुमकिन लग रही है। मंगलवार को ईरान के रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण खर्ग द्वीप (Kharg Island) और कोम (Qom) के पास ताबड़तोड़ हमले किए गए हैं। इन हमलों ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है, क्योंकि यह सीधे तौर पर ईरान की लाइफलाइन पर प्रहार है।
कोम शहर के पास पुल को बनाया निशाना
डिप्टी गवर्नर मोर्तेजा हेदरी से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अमेरिका और इजराइल ने कोम शहर के पास एक मुख्य पुल को निशाना बनाया। हेदरी ने सरकारी टेलीविजन पर बताया कि कुछ मिनट पहले कोम की संपर्क लाइनों वाले पुल पर दुश्मन के प्रोजेक्टाइल गिरे। इस हमले के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव है और ईरानी सेना हाई अलर्ट पर है।
मशहद में ट्रेनें रुकीं, काशान में रेलवे पुल उड़ाया
बता दें कि इजराइल ने पहले ही ईरानी नागरिकों को चेतावनी दी थी कि वे रेलवे से दूर रहें। इसके कुछ ही देर बाद काशान शहर में यहया आबाद रेलवे पुल पर जोरदार धमाका हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मशहद शहर में सुरक्षा कारणों से सभी रेल सेवाओं को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने अगले आदेश तक स्टेशन खाली करा लिए हैं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल है।
ट्रंप की एक रात वाली खौफनाक चेतावनी
गौरतलब है कि यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस प्रेस कॉन्फ्रेंस के ठीक बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान को एक ही रात में तबाह किया जा सकता है और शायद यह कल (मंगलवार) ही हो जाए। ट्रंप की यह चेतावनी अब हकीकत में बदलती दिख रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मध्यस्थों के जरिए बातचीत जारी है, लेकिन जमीन पर केवल बारूद बरस रहा है।
IRGC का अमेरिका को अल्टिमेटम
इधर, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने सख्त लहजे में अमेरिका को चेतावनी दी है कि वह लक्ष्मण रेखा पार न करे। ईरान ने साफ कर दिया है कि अगर उसकी संप्रभुता पर हमला जारी रहा, तो इसका अंजाम पूरी दुनिया को भुगतना होगा।


