टीआरपी डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 14वें मुकाबले में वह रोमांच देखने को मिला जिसकी कल्पना क्रिकेट फैंस ने भी नहीं की होगी। गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को उनके घर में महज 1 रन से हराकर सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। लेकिन इस हार के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार ‘एक रन’ से मैच हारने वाली नंबर-1 टीम बन गई है।
दिल्ली की बदकिस्मती का इतिहास
दिल्ली कैपिटल्स अब तक आईपीएल के इतिहास में चार बार केवल 1 रन के अंतर से मैच हारी है। इस मामले में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स (3 बार) को पीछे छोड़ दिया है। दिल्ली की 1 रन वाली हार का सिलसिला कुछ इस तरह रहा है:
- 2015: बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (चेन्नई)
- 2016: बनाम गुजरात लायंस (दिल्ली)
- 2021: बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (अहमदाबाद)
- 2026: बनाम गुजरात टाइटंस (दिल्ली)
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 210 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था।कप्तान शुभमन गिल (70 रन) और वॉशिंगटन सुंदर (55 रन) ने शानदार अर्धशतक जड़े, जबकि जोस बटलर ने 27 गेंदों में 52 रनों की तूफानी पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को रोकने में राशिद खान ने मुख्य भूमिका निभाई, जिन्होंने 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। प्रसिद्ध कृष्णा को भी 2 सफलताएं मिलीं।
केएल राहुल की 92 रनों की पारी गई बेकार
दिल्ली की ओर से केएल राहुल ने अकेले दम पर मैच जिताने की कोशिश की। उन्होंने मात्र 52 गेंदों में 92 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन आखिरी गेंद पर बाजी उनके हाथ से निकल गई। पथुम निसांका (41 रन) ने भी अच्छी शुरुआत दी थी, पर मध्यक्रम के फेल होने से दिल्ली को इस सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा। बता दें कि यह गुजरात टाइटंस की 3 मैचों में पहली जीत है, वहीं शानदार लय में चल रही दिल्ली कैपिटल्स की यह सीजन की पहली शिकस्त है।


