रायपुर। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने राजधानी के 70 वार्डों के लिए अध्यक्ष नियुक्त किया था।यह सूची पूर्व विधायक अरूण वोरा और शहर अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने मिलकर बनाई थी, मगर सूची जारी करने के कुछ घंटे बाद ही इसे पीसीसी महामंत्री ने यह कहते हुए निरस्त कर दिया कि इसे पीसीसी की बिना अनुमति के शहर अध्यक्ष ने जारी किया है।

बता दें कि रायपुर जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कल ही नए वार्ड अध्यक्षों की सूची जारी की थी। इनमें से 13 वार्डों में दो अध्यक्ष की व्यवस्था लागू की गई। इसके पीछे वार्ड का बड़ा और विस्तारित होने को कारण बताया गया। इसे पुराने भरोसेमंद चेहरों के साथ नई ऊर्जा का समावेश भी कहा जा रहा है, लेकिन रात 9 बजे सूची बाहर आते ही, उस पर बवाल मचा। 2 घंटे से चले तर्क वितर्क के बाद प्रदेश महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने आखिरकार सूची निरस्त कर दी। उन्होंने आदेश जारी कर कहा है कि बिना पीसीसी की अनुमति से शहर अध्यक्ष ने जारी किया है। अब सभी की नजर पीसीसी के अगले कदम की ओर है।




