सचिन तेंदुलकर

टीआरपी। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और भारत रत्न सचिन तेंदुलकर आगामी 22 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित रहे बस्तर अंचल के दंतेवाड़ा जिले के प्रवास पर रहेंगे। सचिन यहाँ इंद्रावती नदी के किनारे बसे ग्राम छिंदनार में आयोजित विभिन्न सामाजिक और खेल कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे स्थानीय बच्चों के साथ क्रिकेट की पिच पर बल्ला थामे भी नजर आएंगे।

बस्तर के लिए यह ऐतिहासिक पल है। कभी संघर्ष के लिए पहचाने जाने वाले छिंदनार और अबूझमाड़ के सीमावर्ती इलाकों में दुनिया के महानतम क्रिकेटर का आना यहाँ के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में होने वाला यह दौरा बस्तर की बदलती तस्वीर और शांति की दिशा में बढ़ते कदमों को वैश्विक पटल पर रखेगा।

तेंदुलकर फाउंडेशन का सेवा संकल्प
सचिन तेंदुलकर का यह दौरा अचानक नहीं हो रहा है। दरअसल, सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन लंबे समय से दंतेवाड़ा और बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। हाल ही में फाउंडेशन की एक उच्चस्तरीय टीम ने छत्तीसगढ़ का गुप्त दौरा किया था, जिसमें जमीनी हकीकत का जायजा लिया गया था।

See also  BPL Will Get 30 Units Free Electricity- प्रीपेड स्मार्ट मीटर में बीपीएल को 30 यूनिट मुफ्त बिजली

सारा और अंजलि तेंदुलकर ने लिया था जायजा
बता दें कि कुछ दिन पहले ही सचिन की पत्नी अंजलि तेंदुलकर, बेटी सारा तेंदुलकर और बहू सानिया चंडोक ने छत्तीसगढ़ के वनांचलों का दौरा किया था। उन्होंने मुंगेली के अचानकमार टाइगर रिजर्व के बम्हनी गांव में बैगा परिवारों से मुलाकात की थी। इसके अलावा बिलासपुर के गनियारी स्थित जन स्वास्थ्य सहयोग केंद्र पहुँचकर ग्रामीणों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और शिक्षा के स्तर की जानकारी ली थी।

दौरे की तिथि: 22 अप्रैल 2026

प्रमुख स्थान: ग्राम छिंदनार, जिला दंतेवाड़ा।
विशेष अतिथि: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
मुख्य उद्देश्य: ग्रामीण खेलों को प्रोत्साहन और शिक्षा-स्वास्थ्य पर संवाद।
पूर्व गतिविधियाँ: मुंगेली और बिलासपुर में तेंदुलकर परिवार का गोपनीय दौरा संपन्न।

सचिन तेंदुलकर के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम शुरू कर दिए हैं। छिंदनार में एक विशेष खेल मैदान तैयार किया जा रहा है जहाँ सचिन स्थानीय बच्चों को क्रिकेट के गुर सिखाएंगे। इस दौरे से बस्तर में ‘स्पोर्ट्स टूरिज्म’ और स्थानीय प्रतिभाओं को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

See also  छत्तीसगढ़ के युवा सरदार 150 युनिटी मार्च में होंगे शामिल, सीएम करेंगे टोली को रवाना