कोरबा। कोरबा में एक पटवारी ने भूस्वामियों के साथ मिलकर जमीन का रकबा बढ़ाकर रिकार्ड में बड़े पैमाने पर हेराफेरी की थी। मामले में शिकायत की जांच में हुए इस खुलासे के बाद कलेक्टर कुणाल दुदावत ने एक्शन लेते हुए पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर ने यह कार्रवाई तहसीलदार भैंसमा की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
जमीन का आकार बढ़ाकर 71 हेक्टेयर कर दिया
मामला भैंसमा तहसील के ग्राम करूमौहा का है, जहां जांच में सामने आया कि संबंधित पटवारी ने राजस्व रिकॉर्ड में बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ की। खसरा नंबर 176/1/ख/1 के वास्तविक रकबे 0.016 हेक्टेयर को नियमों के विपरीत बढ़ाकर 1.600 हेक्टेयर दर्ज कर दिया गया। वहीं, एक अन्य मामले में खसरा नंबर 84/4 ख के रकबे को 0.710 हेक्टेयर से सीधे 71.000 हेक्टेयर तक बढ़ाकर दर्ज कर दिया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि इन बदलावों को बिना किसी सक्षम आदेश के ऑनलाइन भुइयां पोर्टल पर भी अपलोड कर दिया गया।
जांच में जैसे ही इस हेराफेरी का खुलासा हुआ। कलेक्टर के निर्देश पर विस्तृत जांच कर रिपोर्ट पेश की गई, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पटवारी दीपक कुमार सिंहको निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान दीपक कुमार सिंह का मुख्यालय तहसील कार्यालय पसान निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मामले की गहराई से जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी की जाएगी।


