टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में सूरज के तेवर और कड़े होने वाले हैं। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में भले ही तापमान स्थिर रहा हो, लेकिन अगले 72 घंटों के भीतर पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
विशेष रूप से प्रदेश के मध्य हिस्सों में 24 से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग स्थानों पर भीषण लू (हीट वेव) चलने की प्रबल संभावना है। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए आम जनता को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलते वक्त विशेष सावधानी बरतने और हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी है।
डबल ट्रफ लाइन से बदला मौसम का मिजाज
प्रदेश के मौसम को वर्तमान में दो प्रमुख मौसमी सिस्टम प्रभावित कर रहे हैं। पहली ट्रफ लाइन पूर्व विदर्भ से दक्षिण के कोमोरिन इलाके तक फैली हुई है, जो तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु से होकर गुजर रही है। वहीं, दूसरा ट्रफ उत्तर-पूर्व बांग्लादेश से ओडिशा के उत्तरी हिस्से तक सक्रिय है।
प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क
इन सिस्टम्स के प्रभाव से अगले 24 घंटों तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा, जिससे गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो राजनांदगांव 44 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी रायपुर में आज आसमान से बरसेगी आग
राजधानी रायपुर के निवासियों के लिए आज का दिन काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। शहर में आज हीट वेव चलने की पूरी संभावना है, जिसके कारण दोपहर के वक्त लू के थपेड़े लोगों को परेशान करेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सीधी धूप से बचें और जितना संभव हो तरल पदार्थों का सेवन करें।



