टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ बोर्ड (CGBSE) के 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों को लेकर चल रहा लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है और संभावना जताई जा रही है कि 29 या 30 अप्रैल को परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
मूल्यांकन कार्य पूरा, अंतिम चरण में रिजल्ट की तैयारी
दरअसल छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने पुष्टि की है कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का काम शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। वर्तमान में अंकों के मिलान और डेटा एंट्री की प्रक्रिया अपने अंतिम दौर में है जिसे देखते हुए बोर्ड किसी भी वक्त नतीजों की आधिकारिक तारीख का ऐलान कर सकता है।
गौरतलब है कि इस साल परीक्षाओं की शुरुआत 20 फरवरी से हुई थी लेकिन हिंदी के पेपर लीक मामले के चलते 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा आयोजित करनी पड़ी जिससे पूर्व निर्धारित शेड्यूल (15 अप्रैल) में देरी हुई।
इस वर्ष करीब 3.20 लाख छात्र 10वीं और 2.45 लाख से अधिक छात्र 12वीं की परीक्षा में शामिल हुए हैं जो अब विभिन्न उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए उत्सुकता से अपने परिणामों की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
पिछले साल की तुलना में इस बार रिजल्ट पहले जारी करने की तैयारी है ताकि छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।



