कोरबा। छत्तीसगढ़ में खाद, बीज और कीटनाशक व्यापारियों ने सरकार के नए नियमों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में कोरबा में प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र के सामने एकत्र हुए व्यापारियों ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल कर अपनी नाराजगी जताई।
कोरबा कृषि व्यापारी संघ के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में व्यापारियों ने “बंद… बंद… बंद…” के नारे लगाए और दुकानों को पूरी तरह बंद रखा। हड़ताल के चलते क्षेत्र में खाद, बीज और कृषि उपकरणों की खरीद-बिक्री प्रभावित रही।

‘कठिन हुआ खाद बीज का व्यापार’

व्यापारियों का कहना है कि भारत सरकार द्वारा लागू किए जा रहे नए नियमों के कारण खाद, बीज और अन्य कृषि उपकरणों का व्यापार करना दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है। लाइसेंसिंग, कागजी प्रक्रियाओं और सख्त नियमों की वजह से छोटे और मध्यम दुकानदारों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि दुकानदार लगातार इन समस्याओं से जूझ रहे हैं और अब हालात ऐसे हो गए हैं कि व्यापार चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।

See also  सीएम ममता को एक और बड़ा झटका : पशु तस्करी मामले में टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल को CBI ने किया गिरफ्तार

फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन व्यापारियों का गुस्सा साफ तौर पर नजर आ रहा है।