टीआरपी डेस्क। CISCE Result : काउंसिल फॉर द इंडियन सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने गुरुवार को आईसीएसई (10वीं) और आईएससी (12वीं) के नतीजे जारी कर दिए हैं। रायपुर के मेधावी छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। दसवीं बोर्ड में शुभ खटवानी ने 98.2 प्रतिशत अंक हासिल किए, वहीं बारहवीं में परिधि अग्रवाल और सभ्य किरी ने 98.25 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया है।
वहीं राजधानी के प्रतिष्ठित राजकुमार कॉलेज (आरकेसी) के विद्यार्थियों ने CISCE बोर्ड परीक्षा में एक बार फिर अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता साबित की है। स्कूल के साइंस और कॉमर्स दोनों ही संकायों में विद्यार्थियों ने उच्च प्रतिशत अंक हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया है।
विज्ञान संकाय (साइंस ग्रुप) में अदिति सूरी ने 96.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है। उनके बाद हिमेश सिंह 96 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और प्रिशा 95.50 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।
वाणिज्य संकाय (कॉमर्स ग्रुप) की बात करें तो रीत गोयल 95.50 प्रतिशत अंक लेकर स्कूल में प्रथम रहीं। कुशल जिंदल ने 95.25 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान और अभिषेक गोयल ने 94.50 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है।



