टीआरपी डेस्क। राजनीति के गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। आम आदमी पार्टी (AAP) के चाणक्य कहे जाने वाले और हाल ही में बीजेपी का दामन थामने वाले राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक की मुश्किलें गले तक आ गई हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पंजाब पुलिस ने संदीप पाठक के खिलाफ दो बेहद गंभीर मामलों में एफआईआर (FIR) दर्ज की है। खबर तो यह भी है कि पुलिस की एक टीम उन्हें दबोचने के लिए दिल्ली स्थित उनके आवास तक पहुंच गई, लेकिन फिलहाल साहब का कहीं पता नहीं चल रहा है।
भ्रष्टाचार और महिला शोषण जैसे गंभीर आरोप
संदीप पाठक के खिलाफ जो एफआईआर दर्ज हुई है, उसके मजमून ने सबको हिला कर रख दिया है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि उन पर एक मामला कथित भ्रष्टाचार (Corruption) का है, जबकि दूसरा मामला महिला शोषण से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, पंजाब पुलिस के आला अधिकारी अभी ऑन-कैमरा कुछ भी बोलने से बच रहे हैं, लेकिन महकमे में हलचल बता रही है कि ऊपर से ग्रीन सिग्नल मिल चुका है। बताया जा रहा है कि इन मामलों में ऐसी धाराएं लगाई गई हैं जिनमें जमानत मिलना नामुमकिन सा है।
दिल्ली में पुलिस की रेड, लापता हुए पाठक!
इस हाई-प्रोफाइल केस में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पता चला कि पंजाब पुलिस की एक स्पेशल टीम दिल्ली पहुंच चुकी है। खबर है कि आज सुबह संदीप पाठक को उनके घर से निकलते हुए देखा गया था, लेकिन उसके बाद से उनका मोबाइल बंद आ रहा है और वे कहां हैं, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने की पूरी तैयारी में है और कभी भी बड़ी खबर आ सकती है।
पार्टी से ऊपर देश: आरोपों पर संदीप पाठक का जवाब
अपनी संभावित गिरफ्तारी और एफआईआर की खबरों के बीच संदीप पाठक का बयान भी सामने आया है। उन्होंने साफ कहा, मुझे किसी एफआईआर की कोई जानकारी नहीं है और न ही किसी पुलिस अफसर ने मुझसे संपर्क किया है। मैंने हमेशा ईमानदारी से काम किया है। उन्होंने आगे भावुक अंदाज में कहा कि उनके लिए कोई भी पार्टी देश से ऊपर नहीं है और वे कभी भी भारत के साथ विश्वासघात नहीं करेंगे। अब देखना यह है कि क्या यह महज राजनीतिक बदले की कार्रवाई है या आरोपों में वाकई कोई दम है।
AAP के चाणक्य से BJP के मोहरे तक का सफर
बता दें कि संदीप पाठक वही शख्स हैं जिन्होंने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत की स्क्रिप्ट लिखी थी। उन्हें अरविंद केजरीवाल का सबसे खास रणनीतिकार माना जाता था। लेकिन अचानक उनका आप छोड़ बीजेपी में जाना सबको हैरान कर गया था। अब बीजेपी में शामिल होते ही उन पर कानूनी शिकंजा कसना पंजाब की सियासत में नए तूफान की आहट दे रहा है।


