हरमनप्रीत की कप्तानी में मिशन वर्ल्ड कप

टीआरपी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 12 जून 2026 से इंग्लैंड एंड वेल्स में शुरू होने वाले विमंस टी20 विश्‍व कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान अनुभवी हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान के रूप में उनके साथ होंगी।

यह टूर्नामेंट भारतीय महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक मौका है क्योंकि 2025 वनडे विश्व कप जीतने के बाद टीम इंडिया की नजर अब अपने पहले टी20 विश्व कप खिताब पर है। छत्तीसगढ़ सहित देशभर के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह रोमांचक खबर है, क्योंकि भारत का पहला ही मुकाबला 14 जून को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ बर्मिंघम में होगा।

इंग्लैंड की सरजमीं पर 12 टीमें लड़ेंगी खिताबी जंग
बीसीसीआई मुख्यालय में हुई अहम बैठक के बाद घोषित की गई इस टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन है। टूर्नामेंट के 10वें एडिशन में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत को ग्रुप ए में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नीदरलैंड और वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों से होगा। कुल 33 मैचों वाले इस टूर्नामेंट का फाइनल 5 जुलाई को खेला जाएगा।

See also  ब्रेकिंग: कोरोना की चपेट में आए मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, रायपुर में खेले गए रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में हुए थे शामिल

टी20 विश्‍व कप के लिए भारतीय टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्‍तान), स्‍मृति मंधाना (उपकप्‍तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फूलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्र‍ांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव।

भारतीय टीम का शेड्यूल (ग्रुप ए)
14 जून: भारत बनाम पाकिस्‍तान

17 जून: भारत बनाम नीदरलैंड

21 जून: भारत बनाम साउथ अफ्रीका

25 जून: भारत बनाम बांग्‍लादेश

28 जून: भारत बनाम ऑस्‍ट्रेलिया

मुख्य तथ्य
कुल टीमें: 12 (दो ग्रुप में विभाजित)
टूर्नामेंट की अवधि: 12 जून से 5 जुलाई 2026
ग्रुप बी की टीमें: स्कॉटलैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, आयरलैंड, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड।

भारतीय टीम जल्द ही इंग्लैंड के लिए रवाना होगी, जहां वे वहां की परिस्थितियों में ढलने के लिए अभ्यास मैच खेलेंगी। नजरें इस बात पर होंगी कि क्या भारतीय महिलाएं वनडे विश्व कप की सफलता को टी20 फॉर्मेट में भी दोहरा पाती हैं।