टीआरपी डेस्क। सोशल मीडिया पर इन दिनों 1989 की एक पुरानी डायरी की तस्वीर खूब वायरल हो रही है, जिसने लोगों को पुराने दिनों की सादगी और बेहद कम महंगाई की याद दिला दी है।
एक शख्स ने अपने दादाजी की डायरी साझा की है, जिसमें 4 फरवरी 1989 को रिंकू और पिंकू नाम के दो जुड़वा भाइयों के पहले जन्मदिन पर हुए खर्च का पूरा ब्यौरा दर्ज है। आज के महंगाई के दौर में इन वस्तुओं की कीमतें देखकर हर कोई हैरान है।
डायरी के आंकड़ों के अनुसार, उस समय 60 किलो चीनी मात्र 420 रुपये में खरीदी गई थी, जबकि आलू की कीमत महज 1 रुपये प्रति किलो थी। रसोई के अन्य जरूरी सामान जैसे 2 किलो घी सिर्फ 46 रुपये और 2 किलो नमक केवल 4 रुपये में उपलब्ध था।
मसालों की बात करें तो आधा किलो हल्दी 9 रुपये और 250 ग्राम जीरा 12 रुपये में मिल गया था। आज के समय से तुलना करें तो घी और मसालों की कीमतों में 20 से 30 गुना तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। यह डायरी न केवल एक परिवार की निजी याद है, बल्कि बदलते समय और बढ़ती महंगाई का एक जीता-जागता दस्तावेज बन गई है।



