बीजापुर।चेरपाल निवासी और प्राथमिक शाला पालनार में पदस्थ शिक्षक राजू पुजारी की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर जिले में व्यापक प्रदर्शन हुआ। तेलंगा समाज के नेतृत्व में आयोजित इस रैली को सर्व आदिवासी समाज, महार, महारा और कलार समाज का समर्थन मिला, जिससे आंदोलन बड़े जनसमूह में तब्दील हो गया। प्रदर्शन में करीब 5 हजार से अधिक ग्रामीण शामिल हुए।

बीजापुर के मिनी स्टेडियम से प्रारंभ हुई यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टोरेट पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान न्याय की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की गई और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया गया।

आरोपियों की अब तक नहीं हुई गिरफ्तारी

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राजू पुजारी की मौत के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली संदिग्ध है। उनका कहना है कि जब्त सुसाइड नोट में तीन लोगों के नाम सामने आने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।

See also  प्रदेश में 1 लाख 83 हजार से पार पहुंचा Covid 19 संक्रमितों का आंकड़ा, 1,59,268 मरीज दे चुके हैं कोरोना को मात

क्या है मामला..?

पालनार निवासी शिक्षक राजू पुजारी ने 22 अप्रैल 2026 को आत्महत्या कर ली थी। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें उन्होंने तीन लोग देवाशीष मंडल (ठेकेदार), शैलेष वासम, डोंगरे सर को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। नोट में यह भी लिखा था कि ‘मेरे परिवार की जिम्मेदारी ये लोग ही उठाएं। पुलिस ने इस मामले में ठेकेदार देबाशीष मंडल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद समाज के प्रतिनिधियों ने मामले की न्यायिक जांच कराने, जिला पुलिस अधीक्षक की सीधी निगरानी में जांच सुनिश्चित करने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग भी की गई।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों के लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार होगा।

See also  ED Raid: सुकमा में कांग्रेस नेता के घर ईडी का छापा, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश लखमा और नगर पालिका अध्यक्ष राजू साहू के घर पहुंची टीम

प्रदर्शन में तेलंगा समाज के अध्यक्ष आदिनारायण पुजारी, दिनेश पुजारी सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी, पीडि़त परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।