RCB vs MI: राजधानी रायपुर का नवागांव आज फिर से सुर्खियों में है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज रविवार (10 मई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला होने जा रहा है।
नवागांव के इस मैदान पर शाम से ही चौकों-छक्कों की बरसात शुरू हो जाएगी। खबर है कि इस मैच में ग्लैमर का तड़का भी लगेगा। सूत्रों की मानें तो अंबानी परिवार अपनी टीम का हौसला बढ़ाने खुद आ सकता है, वहीं विराट कोहली को चीयर करने अनुष्का शर्मा भी पहुंच सकती हैं।
8 IPS और 1500 जवानों का कड़ा पहरा
मैच को देखते हुए रायपुर पुलिस ने सुरक्षा के ऐसे इंतजाम किए हैं कि परिंदा भी पर न मार सके। सुरक्षा की पूरी कमान 8 IPS अफसरों के हाथों में दी गई है। इनके साथ 20 बड़े अधिकारी और करीब 1500 जवान तैनात रहेंगे। आईजी अमरेश मिश्रा और डीआईजी गिरिजाशंकर जायसवाल खुद चप्पे-चप्पे पर नजर रख रहे हैं। शहर के अंदर संदिग्धों को पकड़ने के लिए अलग से जाल बिछाया गया है।
इन 14 चीजों पर है पूरी तरह पाबंदी
अगर आप मैच देखने जा रहे हैं, तो बैग पैक करने से पहले ये लिस्ट जरूर देख लें। पुलिस ने 14 चीजों को अंदर ले जाने पर बैन लगाया है
- शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा और तंबाकू।
- माचिस, लाइटर और ज्वलनशील पदार्थ।
- पानी की बोतल और बाहर का खाना (टिफिन या कांच के डिब्बे)।
- चाकू या कोई भी धारदार सामान।
- सिक्के, बैग, हेलमेट और पालतू जानवर।
अगर आपके पास इनमें से कुछ भी मिला, तो गेट से ही वापस कर दिया जाएगा। बेहतर होगा कि आप सिर्फ अपना टिकट और जोश लेकर ही स्टेडियम पहुंचें।
वीआईपी के लिए नो एंट्री जोन और सख्त नियम
खिलाड़ियों और फिल्मी सितारों की सुरक्षा के लिए स्टेडियम में खास ‘नो एंट्री जोन’ बनाए गए हैं। यहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसवाले भी बिना इजाजत नहीं घुस पाएंगे। खिलाड़ियों से कौन मिलेगा, इसकी लिस्ट भी बहुत छोटी रखी गई है। पूरे इलाके को ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है, यानी यहां ड्रोन उड़ाना मना है। निगरानी के लिए पुलिस ने स्टेडियम के रास्तों और गेट पर 430 हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं।
ट्रैफिक का नया प्लान, भूलकर भी न लें ये रास्ता
मैच देखने आने वालों के लिए पुलिस ने 5 रूट तय किए हैं। रायपुर के अलावा दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर और धमतरी से आने वाली गाड़ियों के लिए अलग-अलग पार्किंग बनाई गई है।
- पार्किंग स्थल: श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल, सेंध तालाब और परसदा।
- VIP रूट: खिलाड़ियों और सेलिब्रिटीज के लिए रास्ता एकदम रिजर्व रहेगा। आम लोगों को इस रूट पर जाने से बचना चाहिए।
- ट्रैफिक जवान: करीब 300 जवान सिर्फ गाड़ियों की कतारें संभालने के लिए तैनात रहेंगे।
पुलिस के अनुसार किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तुरंत एक्शन लिया जाएगा। रायपुर की सड़कों पर बाहर से आए जवानों की तैनाती भी शुरू हो गई है।



