बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्ली राजहरा में सीवरेज पाइप लाइन निर्माण कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद BSP ने बड़ी कार्रवाई की है। गड्ढे में दबने से तीन मजदूरों की मौत के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में Steel Authority of India Limited (SAIL) के अधीन संचालित भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है, जबकि पुलिस भी पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

दल्ली राजहरा क्षेत्र में सीवरेज पाइप लाइन डालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान गहरे गड्ढे में काम कर रहे मजदूर अचानक मिट्टी धंसने से उसके नीचे दब गए। हादसा इतना भयावह था कि तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मजदूरों के परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया।

इन अफसरों को किया गया निलंबित

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए बीएसपी के डीजीएम मंगेश सेलकर और एजीएम सिविल रमेश कुमार को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारियों पर कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी और निगरानी में लापरवाही बरतने के आरोप लगे हैं।

See also  CG BIG BREAKING : छत्तीसगढ़-उड़ीसा सीमा पर नक्सल घटना, CRPF के तीन जवान शहीद

इधर पुलिस ने भी मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, मजदूरों को दिए गए सुरक्षा उपकरण और कार्य के दौरान अपनाए गए मानकों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। जांच के बाद यदि लापरवाही प्रमाणित होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है।