मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता जावेद जाफरी के परिवार से करोड़ों की धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी के साथ प्रॉपर्टी में निवेश और भारी मुनाफे के नाम पर करीब 17.5 करोड़ रुपये की ठगी की गई है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कारोबारी निशित पटेल को धर दबोचा है।
कैसे बुना गया ठगी का जाल?
पुलिस के मुताबिक, हबीबा जाफरी को रियल एस्टेट और अलग-अलग संपत्तियों में पैसा लगाने का लालच दिया गया था। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि इस निवेश से उन्हें बड़ा रिटर्न मिलेगा। आरोपियों ने उनका भरोसा जीतने के लिए जाली दस्तावेजों और झूठे वादों का सहारा लिया। धीरे-धीरे करके आरोपियों ने उनसे साढ़े सत्रह करोड़ रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली। जब मुनाफे की जगह धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तब मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।
विवादित अधिकारी और बिजनेस पार्टनर की मिलीभगत
इस साजिश में सिर्फ कारोबारी ही नहीं, बल्कि सरकारी तंत्र के लोग भी रडार पर हैं। पुलिस ने सहायक नगर आयुक्त महेश पाटील, निशित पटेल और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। महेश पाटील को नगर निगम प्रशासन का विवादित अधिकारी माना जाता है। पुलिस को शक है कि इस पूरे खेल में पाटील की रसूख और पद का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
बड़ा रैकेट होने का शक, जांच जारी
क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह कोई संगठित गिरोह है। पुलिस को अंदेशा है कि इन लोगों ने हबीबा जाफरी के अलावा मुंबई के अन्य हाई-प्रोफाइल निवेशकों को भी अपना निशाना बनाया होगा। गिरफ्तार निशित पटेल को अदालत ने 19 तारीख तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब बैंक खातों की डिटेल और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है ताकि इस गिरोह की जड़ तक पहुंचा जा सके।



