Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में नौतपा से पहले मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में शुक्रवार को हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है। ठंडी हवाओं और बौछारों के कारण दिन के तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो अगले चार दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहेगा। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज अंधड़ चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मई में मानसून जैसी फीलिंग

आमतौर पर ऐसी झमाझम बारिश और बादलों का डेरा मानसून आने के बाद ही दिखाई देता है, लेकिन इस बार मई के महीने में ही मानसून जैसा नजारा बना हुआ है। छत्तीसगढ़ में पिछले 15 दिनों से लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है। शुक्रवार को हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो कसडोल में सबसे ज्यादा 60 मिमी पानी बरसा। इसके अलावा कोमाखान में 40 मिमी, गिरौदपुरी में 30 मिमी, जबकि बलौदाबाजार, भाटापारा और कोटा में 20-20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस बदलाव के बीच प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 20.5 डिग्री और सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान जगदलपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

See also  "नगर निगम मुनाफा कमाने वाली संस्था नहीं": महापौर मीनल चौबे ने बिजली दरों में कटौती की मांग उठाई

केरल में कब आएगा मानसून?

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई को केरल के तट पर पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक मजबूत निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) पश्चिम मध्य प्रदेश से लेकर उत्तर बांग्लादेश तक जा रही है, जो पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। इस सिस्टम के असर से शनिवार को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और आकाशीय बिजली गिरने के आसार हैं।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर के लिए मौसम विभाग ने जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके मुताबिक शनिवार को भी आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। शहर और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की वर्षा हो सकती है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हालांकि, 17 मई से तापमान में फिर से बढ़ोतरी शुरू हो सकती है।

See also  Corona lockdown के चलते पंजीयन कार्यालय अब 21 अप्रैल तक रहेंगे बंद