राजनांदगांव। जिले भर में कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशा पर अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल करते खनिज विभाग की टीम ने सरपंच ग्राम पंचायत भंवरमरा, वार्ड क्र. 51 हरदी के पार्षद तथा ग्राम प्रमुखों की उपस्थिति में ऑक्सीजोन स्थित शिवनाथ नदी तट में अवैध रूप से भंडारित 54 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत को पुन: शिवनाथ नदी में डाला गया।

बता दें कि खनिज एवं राजस्व विभाग द्वारा कुछ दिन पूर्व ऑक्सीजोन स्थित शिवनाथ नदी क्षेत्र में अवैध रूप से भंडारित रेत के विरूद्ध कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं एक लोडर वाहन जब्त किया गया था। भंवरमरा निवासी अविनाश सोनी द्वारा ऑक्सीजोन स्थित शिवनाथ नदी से खनिज रेत का अवैध उत्खनन कर रेत का अवैध भंडारण किया गया था। इस अवैध रूप से भंडारित लगभग 54 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत को पुन: शिवनाथ नदी में डाला गया। जिससे ऑक्सीजोन का प्राकृतिक सौन्दर्य एवं पर्यावरणीय संतुलन बरकरार रखा जा सके।

See also  मिनरल वाटर पैकेजिंग फैक्ट्री में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने की छापेमारी, सैंपल की होगी जांच

जिला प्रशासन ने कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। साथ ही अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश में यह पहला मौका है जब नदी से निकली है रेत को फिर से नदी में डाली गई। रेत की अंधाधुंध खुदाई के चलते ही प्रदेश में नदियां सूखने लगी हैं। अब तक रेत की अवैध तरीके से खुदाई करने पर रेत और उसे धोने वाले वाहनों की जब्ती की जाती रही है। इस बार नदी से निकाली गई रेत को फिर से नदी में डलवाया गया है। इससे भी बेहतर कार्रवाई तब होगी जब नदी से ही रेत की अवैध खुदाई को कड़ाई से रोक दिया जाए।